हस्तिनापुर सेंचुरी के परीक्षितगढ़ रेंज में गत दिनों नीलगाय का हुआ था शिकार

वन विभाग ने होंडा सिटी कार बरामद की थी, रसूखदार फैमिली के हैं 3 आरोपी

Meerut। मेरठ के 'सलमान खान' को पुलिस तलाश रही है। जी हां हम बात कर रहे हैं गत दिनों परीक्षितगढ़ रेंज में हुए नीलगाय के शिकार की। पुलिस और वन विभाग की टीम ताबड़तोड़ दबिश देकर तीनों शिकारी युवकों की तलाश कर रही है।

3 युवकों ने किया शिकार

डीएफओ अदिति शर्मा ने बताया कि हस्तिनापुर सेंचुरी के अंतर्गत आने वाले इस वन्य क्षेत्र में बड़ी संख्या में जंगली जानवरों के साथ-साथ नीलगाय भी हैं। मार्च लास्ट वीक में किठौर-शाहजहांपुर निवासी 3 युवकों ने वन्य क्षेत्र में होंडा सिटी कार पर सवार होकर एक नीलगाय का शिकार किया। जंगली जानवर की गोली मारकर हत्या की गई। वन विभाग की टीम ने मौके से एक नीलगाय का शव बरामद किया था तो आरोपियों की होंडा सिटी कार भी जब्त कर ली थी।

3 से 7 वर्ष की सजा

वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 और तत्पश्चात भारतीय वन्य जीव संरक्षण (संशोधित) अधिनियम 2002 के तहत नीलगाय संरक्षित वन्य जीव की श्रेणी में आता है। अधिनियम के तहत नीलगाय का शिकार करने वाले को 3 से 7 साल की कैद और 10 से 25 हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।

रसूखदार हैं आरोपी

शिकार करने के शौकीन आमतौर पर रसूखदार ही होते हैं। नीलगाय का शिकार करने वाले मेरठ के तीनों शिकारी भी रसूखदार परिवार से ताल्लुक रखते हैं। पुलिस ने होंडा सिटी कार के नंबर से तीनों आरोपियों की शिनाख्त कर ली है। डीएफओ अदिति शर्मा के निर्देशन में वन विभाग की टीम गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दविश दे रही है तो वहीं आरोपियों को बचाने के लिए सत्ता पक्ष ने लामबंदी शुरू कर दी है।

मार्च लास्ट वीक में हस्तिनापुर सेंचुरी रेंज में एक नीलगाय का शिकार हुआ है। आरोपियों की होंडा सिटी कार जब्त कर ली गई है तो उनकी गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है।

अदिति शर्मा, डीएफओ, मेरठ

Posted By: Inextlive