-हल्द्वानी के चित्रशिला घाट पर पुत्र रोहित शेखर ने दी मुखाग्नि

-सीएम त्रिवेंद्र समेत तमाम राजनेता रहे मौजूद, दी श्रद्धांजलि

हल्द्वानी : पूर्व सीएम एनडी तिवारी रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। राजकीय सम्मान के साथ रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र रोहित शेखर ने मुखाग्नि दी। 93 वर्ष की उम्र में 18 अक्टूबर को मैक्स अस्पताल दिल्ली में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी अंत्येष्टि पर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री और कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

लखनऊ से शनिवार को दिवंगत एनडी तिवारी का पार्थिव शरीर सर्किट हाउस काठगोदाम लाया गया था। रविवार को दोपहर 12:30 बजे तक अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। जहां सैकड़ों लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। दोपहर में सर्किट हाउस से रानीबाग चित्रशिला घाट पर अंतिम यात्रा पहुंची। यात्रा में हजारों लोग अपने प्रिय नेता एनडी तिवारी अमर रहे के नारे लगाते रहे। चित्रशिला घाट पर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, सुबोध उनियाल, डॉ। धन सिंह रावत, पूर्व सीएम व सांसद भगत सिंह कोश्यारी, डॉ। रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व सीएम व कांग्रेस महासचिव हरीश रावत, पूर्व सांसद महेंद्र सिंह माहरा, प्रदीप टम्टा, केसी सिंह बाबा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, विधायक बंशीधर भगत, पुष्कर सिंह धामी, राजेश शुक्ला, राम सिंह कैड़ा, संजीव आर्य, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री बची सिंह रावत, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, नारायण सिंह जंतवाल, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, पूर्व मेयर बरेली प्रवीण ऐरन, कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इससे पहले सुबह सर्किट हाउस में नेता प्रतिपक्ष डॉ। इंदिरा हृदयेश समेत तमाम लोगों ने श्रद्धांजलि दी और एनडी के निधन पर दुख व्यक्त किया।

Posted By: Inextlive