- नगर थाना क्षेत्र महमदपुर मोहल्ले में हुई थी घटना

- पुलिस हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए कर रही है छापेमारी

PATNA/BEGUSARAI: बेगूसराय नगर थाना के महमदपुर मोहल्ला में सोमवार को हुए पति, पत्नी एवं पुत्र के नृशंस हत्याकांड मामले में मृतक अमित कुमार के भाई ने नगर थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में नगर थाना क्षेत्र के विष्णुपुर, वार्ड फ्9 निवासी अशोक मंडल के पुत्र गोपाल मंडल, विष्णुपुर निवासी अशोक झा के पुत्र राजू झा, मुफसिल थाना क्षेत्र के बड़ी एघु निवासी स्व। हरिशंकर सिंह के पुत्र मुरारी सिंह तथा बड़ी एघु के ही शत्रुघ्न सिंह के पुत्र पप्पु सिंह को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस ने पप्पु सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि गोपाल मंडल, राजू झा व मुरारी सिंह फरार बताया जा रहा है। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि लीची गाछी के पीछे शिवाजी नगर स्थित एक जमीन के प्लॉट में अमित कुमार व गोपाल मंडल ने बराबर साझेदारी में महादा कराया था। बाद में गोपाल मंडल ने मुरारी सिंह व राजू झा से मिलकर जमीन हड़पने की नीयत से अमित कुमार की हत्या कर दी। पहले भी उक्त जमीन के मामले में गोपाल मंडल व अमित के बीच कई बार झड़प हो चुकी है।

दो आरोपी का है आपराधिक चरित्र

तीहरे हत्याकांड मामले में नामजद मुरारी सिंह व राजू झा का लंबा आपराधिक इतिहास है। दोनों ही अपराधियों के विरुद्ध कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। सूत्रों की मानें तो हाल के दिनों में मुरारी सिंह व राजू झा जमीन के खरीद-फरोख्त में जोर शोर से लगे हुए थे। सूत्रों ने यह भी बताया कि गोपाल मंडल, मुरारी सिंह व राजू झा अंडर ग्राउंड हो चुका है। पुलिस उक्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी कर रही है।

नामजद चारों आरोपियों के विरुद्ध अमित, प्रियंका व आर्यन के हत्याकांड से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य संकलित हुए हैं। मुरारी सिंह व राजू झा के सभी पुराने मामलों को खंगाला जा रहा है। जल्द ही इनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

-रंजीत मिश्रा, एसपी, बेगूसराय

Posted By: Inextlive