सिविल लाइंस पुलिस को दी तहरीर, साढ़े तीन लाख की हेराफेरी का आरोप

सहायक मैनेजर व दो अन्य के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट

ALLAHABAD: नैनी स्थित सर्वेश्वर महादेव बैकुंठ धाम मुक्ति की साध्वी त्रिकाल भवंता से साढ़े तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सिविल लाइंस पुलिस ने साध्वी की तहरीर पर सहायक जनरल मैनेजर समेत दो के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।

जमा करने के लिए दिया था चेक

सर्वेश्वर महादेव बैकुंठ धाम मुक्ति में रहने वाली त्रिकाल भवंता परी अखाड़ा की पीठाधीश्वर हैं। साध्वी ने अपना बैंक खाता सिविल लाइंस एरिया में स्थित इलाहाबाद बैंक में खोला है। उनका लेखा जोखा प्रकाश सिंह देखता था। त्रिकाल भवंता ने बताया कि बीते माह प्रकाश को एक चेक बैंक में जमा करने के लिए दिया। प्रकाश ने बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से खाते से साढ़े तीन लाख रुपये निकाल लिये, साथ ही दूसरे के नाम पर कार खरीद ली। बैंक खाते से साढ़े तीन लाख रुपए निकलने की जानकारी जब त्रिकाल भवंता को हुई, तो वह हैरान रह गई। उन्होंने सहायक जनरल मैनेजर से शिकायत की और सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी।

त्रिकाल भवंता ने बैंक मैनेजर, अपने सेवक और उसके रिश्तेदार के खिलाफ तहरीर दी है। आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।

सुनील दुबे, इंस्पेक्टर, सिविल लाइंस

Posted By: Inextlive