दोस्त के घर चल रहे रेनोवेशन वर्क को देखने गया था मृतक

आपस में विवाद बढ़ा तो किया हमला, जख्मी दोस्त ने कर दिया साथी का खून

दोनो में गहरी दोस्ती थी। अक्सर साथ देखे जाते थे। थोड़ी-बहुत टशन रही भी होगी तो इसका पता परिवार के सदस्यों को नहीं था। लेकिन, यह 'अंजानी' टशन दोनों को एक-दूसरे का दुश्मन बना देगी? इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। दोनों आपस में भिड़े तो एक ने दूसरे पर चाकू से वार कर दिया। दूसरे पहले से तैयार था तो उसने हथेली बुरी तरह से जख्मी होने के बाद भी वार को रोका और फिर चाकू छीनकर बेतहाशा वार करना शुरू कर दिया। उसने वार करना तभी रोका जब सामने वाला मौत की नींद सो चुका था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया और आरोपी को चाकू के साथ गिरफ्तार करने के बाद इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।

साथ ही गए थे काम देखने

घटना धूमनगंज थाना क्षेत्र के कन्हईपुर में हुई। मृतक का नाम डब्लू था। वह चकिया का रहने वाला था। घायल का नाम सौरभ यादव है। वह भी चकिया का ही रहने वाला है। मृतक की उम्र करीब 22 साल थी। घटना सोमवार की शाम प्रकाश में आई। पुलिस के अनुसार डब्लू और सौरभ दोस्त थे। दोनों अक्सर साथ देखे जाते थे। सौरभ का एक मकान कन्हईपुर में भी है जिसमें रंगाई-पुताई का काम चल रहा है। सौरभ को काम देखने के लिए जाना था। वह साथ में डब्लू को भी ले गया। डब्लू ने भी साथ जाने से मना नहीं किया।

बात-बात में बिगड़ गई बात

पुलिस के अनुसार दोनों के बीच क्या चल रहा था यह किसी को पता नहीं है। किसी बात को लेकर टशन थी भी तो इसकी जानकारी किसी को नहीं थी। दोनो साथ गए तब भी किसी को अंदेशा नहीं था कि क्या मनहूस सूचना आने वाली है। पुलिस के अनुसार किसी बात को लेकर दोनों का विवाद हुआ तो गुत्थम-गुत्था हो गई। इसके बाद दोनों आक्रामक हो गए। पुलिस के अनुसार पकड़े गए सौरभ ने बताया कि पहले डब्लू ने उस पर चाकू से वार किया था। संयोग से वह सामने था तो वह वार से बचने में कामयाब हो गया। इसके बाद उसने डब्लू का हाथ पकड़ गया। संयोग से हाथ में चाकू आ गया तो हथेली बुरी तरह से जख्मी हो गई। इसके बाद भी वह हिम्मत नहीं हारा और जूझता रहा। संयोग से उसके हाथ में चाकू आ गया तो उसने डब्लू पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिया। जब उसके हाथ रुके तब तक डब्लू दम तोड़ चुका था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सौरभ को हिरासत में ले लिया। उसे उपचार के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिवारवालों से तहरीर मिलने पर ही पता चल सकेगा कि दोनों के बीच किस बात को लेकर इतनी टशन थी कि वे एक-दूसरे की जान लेने पर आमादा हो गए।

परिवार वालों से ही घटना का क्लू मिलेगा। बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी को भी पकड़ा जा चुका है। अब कारण का पता लगाना ही बाकी है।

एसओ धूमनगंज

Posted By: Inextlive