PATNA : कोतवाली थाना क्षेत्र में बच्चे को पार्क में घुमाने जा रही एक महिला का चेन लूटकर बदमाश भाग गए। महिला जब तक शोर मचाती तब तक बदमाश भाग चुके थे। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर लालजी टोला निवासी रूबी अपने बच्चे को लेकर रिक्शा से बुद्धा स्मृति पार्क जा रही थी। अभी वो पार्क से करीब 50 मीटर दूर थी। इस दौरान पीछे से तेज रफ्तार में बाइक सवार आए और महिला का चेन खींच कर वहां से भाग गए। एक बार तो लगा कि महिला रिक्शा से नीचे गिर जाएगी लेकिन किसी तरह वो संभल गई। महिला के शोर के बाद लोग उसके पीछे भागे तब वो काफी आगे निकल गई थी। इसके बाद महिला थाने पहुंची और इसकी शिकायत की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

इस घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। इसमें साफ दिख रहा है कि बदमाश पीछे से काफी तेज रफ्तार में आए और कुछ दूर तक रिक्शा के साथ धीरे-धीरे चलते रहे। इसके बाद अचानक वो लोग महिला के गले से चेन खींचकर भाग गए। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

शहर में सक्रिय हैं चेन स्नेचर

शहर में चेन स्नेचर सक्रिय हो गए हैं। चेन स्नेचिंग की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी है। पिछले दिनों ं दीघा में भी एक महिला की चेन खींचकर बदमाश भाग गए थे। चोर शहर के पॉश इलाकों में इस तरह की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। महिलाएं थाने में शिकायत दर्ज करा देती हैं लेकिन अधिकांश मामले में आरोपी पकड़ में नहीं आते हैं।

पुलिस ने कहा घर जाओ अब नहीं मिलेगा

दोपहर दो बजे मैं अपने बच्चे को घुमाने जा रही थी। इस दौरान बाइक से एक युवक आया और मेरा चेन छीनकर भागने लगा। 10 फीट के दूरी पर चार पुलिसकर्मी खड़े थे। मैं दौड़कर उनके पास गई और उनसे कहा कि उन्हें पकड़ लीजिए। इस पर उन लोगों ने कहा कि आप घर चली जाईए नही अब चेन नहीं मिलेगा। मैं चिल्लाती रही कि उसे पकड़ो, लुटेरा बहुत तेज भाग भी नहीं रहा था लेकिन पुलिस पकड़ने के बजाए बातों में लगे रहे। पुलिस चाहती तो वो पकड़ में आ जाता। अगर बच्ची मेरे पास नहीं होती तो मैं खुद ही दौड़कर उसे पकड़ लेती।

(जैसा की पीडि़ता ने डीजे आई नेक्स्ट से बताया)

Posted By: Inextlive