आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र की एक लड़की के प्रेम संबंध दहतोरा के लड़के से हो गए लेकिन लड़के ने अब उसका साथ छोड़ दिया इस बात को लेकर लड़की ने हंगामा खड़ा कर दिया। एक दिन पूर्व युवक के घर हंगामा करने के बाद लड़की फिर से हंगामा करने पहुंची थी। इस पर वहां की महिलाओं ने उसे धुन दिया। इसी के बाद लड़की हंगामा करती हुई थाने पहुंच गई।

एक मुलाकात से बन गए संबंध

युवक सिकंदरा एरिया स्थित एक मिठाई की दुकान पर काम करता है। जबकि लड़की एक शू फैक्ट्री में वर्कर है। दो साल पूर्व वह दुकान पर समोसे लेने गई थी तभी से उसने प्रेम सम्बंध हो गए। युवक शादीशुदा है। उनका मिलने मिलाने का सिलसिला शुरू हो गया। आपस में कसमें वादे होने लगे। लेकिन बीतते समय के साथ युवक ने लड़की से दूरी बना ली। यह बात उसे नगवार गुजरी।

घर पर कर दिया हमला

युवक के पीछे हटने पर प्रेमिका का दिमाग बिगड़ गया। एक दिन पूर्व उसने रात में युवक के घर पहुंच कर ईट फिंकाई कर दी। शुक्रवार की सुबह वह फिर से युवक के घर पहुंच गई और हंगामा कर दिया लेकिन इस वार वहां की महिलाओं ने उसे घेर लिया। उसकी जमकर धुनाई कर दी। इसी के बाद मामला थाने पहुंच गया। यहां पर आरोपों का दौर शुरू हो गया।

मोबाइल नम्बर ले गई थी

युवक का आरोप था कि लड़की उसका मोबाइल नम्बर ले गई थी। इसके बाद उसने फोन करना शुरू कर दिया। वह उसके साथ समय बिताना चाहती थी। इस बात की जानकारी युवक ने अपने एक रिश्तेदार को दी थी। आरोप है कि एक बार वह दुकान पर प्वाइजन लेकर पहुंच गई। उसने युवक से कहा कि अगर बात नहीं करेगा तो अपनी जान दे देगी। इस पर वह डर गया और बातों का सिलसिला जारी रखा।

युवक पर लगाया आरोप

युवक का आरोप था कि वह उसे विदेश भेजना चाहती थी। इसके एवज में वह उससे चार लाख की डिमांड कर रही थी। जबकि लड़की का आरोप था कि युवक ने उससे आठ हजार रुपये, स्वेटर व जूते लिए हैं। थाने में देर तक यह मामला चलता रहा पुलिस भी लड़की को समझाने में परेशान हो रही थी। शाम तक चले हंगामे में पुलिस ने दोनों पक्ष को समझाया। शाम को दोनों में समझौता हो गया।

Posted By: Inextlive