गोकशी न करने की दिलाई जा रही है लोगों को शपथ

गोकशी में लिप्त आरोपियों की संपत्ति होगी कुर्क

Meerut : गोकशी करने वालों की अब खैर नहीं है। पुलिस ने उनके खिलाफ मुहिम छेड़ दी है। एसएसपी अखिलेश कुमार ने बताया कि गोकशी करने वालों के घरों की मुनादी करके कुर्की भी कराई रही है। इसके साथ उनके गोकशी न करने की शपथ भी दिलाई जा रही है।

गोहत्या से बवाल

बुलंदशहर में गोकशी के कारण हुए सांप्रदायिक बवाल में बवालियों ने इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके साथ गांव के एक अन्य युवक को भी गोली लगी थी, जिसके कारण उसकी मौत हो गई थी। बुलंदशहर में हुई घटना के कारण शासन तक में खलबली मच गई थी। डीजीपी ने प्रदेश में सभी गो तस्करों की गिरफ्तारी के आदेश कर रखे है।

दिला रहे शपथ

देहात के कई गांवों में पुलिस ने अनूठी पहल की है। गोकशी के लिए बदनाम गांवों में लोगों को गोकशी न करने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ यह भी एलान किया गया कि जिस परिवार में गोकशी पाई गई। उस परिवार का हुक्का पानी बंद कर दिया जाएगा। उन्हें गांव से भी निकाला जा सकता है। पकड़े जाने पूरे परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

मुनादी के बाद कुर्की

गोकशी करने वाले जितने भी फरार चल रहे है उनकी पुलिस मुनादी करवा रही है। एसपी देहात राजेश कुमार का कहना है कि पुलिस से वांटेड चल रहे भावनपुर, जानी व इंचौली में चालीस गोतस्करों के खिलाफ मुनादी करवा दी जा चुकी है। अब उनके घर की कुर्की की जाएगी।

लगातार हो रही है मुठभेड़

गो-तस्करों के खिलाफ अभियान में आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ भी हो रही है। अभी तक 34 मुठभेड़ हो चुकी है। 383 गो तस्कर गिरफ्तार हो चुके है।

Posted By: Inextlive