बेगमपुल पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर बदमाशों ने की वारदात

मणप्पुरम गोल्ड फाइनेंस कंपनी में लूट की वारदात से खलबली

MEERUT : बेगमपुल पुलिस चौकी से चंद कदम दूर बदमाशों ने मणप्पुरम गोल्ड फाइनेंस कंपनी में धावा बोलकर साढ़े पंद्रह किलो सोना लूट लिया। बदमाश अपनी बाइक छोड़कर सरेबाजार अन्य युवक की बाइक लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सोने की कीमत करीब पंद्रह करोड़ के आसपास बताई गई। मौके पर पहुंचे आईजी रामकुमार व डीएम अनिल ढींगरा ने घटनास्थल का जायजा लिया।


गन प्वाइंट पर वारदात

लालकुर्ती थाना क्षेत्र स्थित बेगमपुल पर मणप्पुरम गोल्ड लोन की ब्रांच है। गुरुवार शाम साढ़े छह बजे अपाचे बाइक सवार दो बदमाश ब्रांच में दाखिल हुए। हथियारों के बल पर एक बदमाश ने मैनेजर सचिन तोमर को गन प्वाइंट पर ले लिया, जबकि दूसरे ने ब्रांच में मौजूद दो महिला कर्मियों के हाथ बांध दिए। इसके बाद बदमाशों ने ब्रांच में रखा साढ़े 15 किलो सोना लूट लिया। सूचना पर एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह, सीओ कैंट राम अर्ज मौके पर पहुंचे। इसके बाद आईजी रामकुमार वर्मा व डीएम अनिल ढींगरा ने घटनास्थल का जायजा लिया। दहशत में आए कर्मचारियों ने दो घंटे तक घटना के बारे में जानकारी हासिल की। शहर में चैकिंग अभियान चलाया।

 

बाइक लूटकर हुए फरार

लूटपाट के बाद बदमाश अपनी अपाचे बाइक मौके पर ही छोड़ भागे। करीब 50 मीटर दूर दौड़कर उन्होंने पिस्टल की बट से राहगीर को लहूलुहान कर उसकी बाइक लूटी और फरार हो गए। मौके पर पहुंचे आईजी राजकुमार वर्मा ने बताया कि छानबीन में निकल कर आया है कि वह बदमाश पिछले कई दिनों से रैकी कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने घटना को अंजाम दिया।


नीचे खड़े थे कई बदमाश

मणप्पुरम फाइनेंस कंपनी फ‌र्स्ट फ्लोर पर स्थित है। घटना के लिए दो बदमाश ऊपर गए थे, जबकि कई बदमाश फाइनेंस कंपनी के नीचे आसपास देखे गए। कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों ने बताया कि बुधवार को दोनों बदमाश आए थे। उन्होंने लोन संबंधी जानकारी हासिल भी की थी।

 

ब्रांच में सुरक्षा नहीं

सोने के बदले करोड़ों का लोन देने वाली फाइनेंस कंपनी पर अपनी सिक्योरिटी के भी इंतजाम नहीं मिले। फाइनेंस कंपनी में अलार्म खराब मिले। कई सीसीटीवी कैमरे भी नहीं चल रहे थे। इसके साथ वहां पर एक भी गनर तक नहीं था, जबकि वहां करोड़ों रुपये का सोना रखा हुआ था।

 

बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। एक संदिग्ध को भी हिरासत में लिया गया है। घटना जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।

रामकुमार वर्मा आईजी मेरठ रेंज

 

बदमाशों की मिली लोकेशन

घटना के बाद बदमाशों की लोकेशन दिल्ली देहरादून हाईवे स्थित वंडर सिटी कालोनी में मिली। कालोनी को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया। इसके बाद पुलिस ने एक घर में दबिश डालकर एक युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस का मानना है कि लूटा गया सोना इसी कालोनी में बदमाश लेकर आए हैं।

 

नहीं मिला लूटा गया सोना

पुलिस को लूटा गया सोना बरामद नहीं हुआ है। पुलिस अभी बदमाशों की घेराबंदी में लगी हुई है। पुलिस ने बताया कि बदमाश अपने साथ एक थैला लेकर आए थे। लेकिन वह जल्दबाजी में वहां पर रखा एक और थैला अपने साथ ले गए, जिसमें जीपीएस ट्रेकर लगा हुआ था। उसकी लोकेशन के आधार पर पुलिस ने वांडर सिटी में दबिश डाली।

 

कब क्या हुआ

6.10 पहले दो युवक लोन की बात करने के लिए आए

6.27 दो बदमाश हथियार लेकर फाइनेंस कंपनी में दाखिल हुए

6.28 उन्होंने मैनेजर को गन प्वाइंट पर ले लिया

6.35 मिनट पर वह लूट करके फरार हो गए

6.40 पुलिस को फोन किया

6.48 मिनट पर पुलिस पहुंची

6.50 शहर में शुरू कराई गई चैकिंग

7. 00 आईजी रामकुमार वर्मा पहुंचे

8.00 डीएम अनिल ढींगरा पहुंचे

8.30 - पुलिस ने वांडर सिटी में डेरा डाला

 

दहशत में कैशियर

ब्रांच मैनेजर सचिन तोमर ने बताया कि घटना के समय कैशियर साक्षी व हाउस कीपिंग सोनिया ब्रांच में थी। उन्हें भी बदमाश ने शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। उनके हाथ पैर बांध दिए।

 

सहायक प्रबंधक अवकाश पर

फाइनेंस कंपनी के उपसहायक प्रबंधक रिंकू अवकाश पर है। दो दिन पहले उनकी शादी हुई है। इसलिए उन्होंने कई दिनों से अवकाश ले रखा है। पुलिस सभी पहुलओं पर जांच कर रही है।

Posted By: Inextlive