- आधुनिक संसाधनों से लैस होगा लेबर रूम, शासन की ओर से 9.32 करोड़ के बजट से कार्य शुरू

GORAKHPUR: बीआरडी मेडिकल कॉलेज में गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए शासन की पहल पर 9.32 करोड़ की लागत से मॉडर्न लेबर रूम का निर्माण शुरू हो गया है। कार्यदायी संस्था यूपी निर्माण निगम द्वारा बनाया जा रहा 40 बेड वाला ये लेबर रूम एयरकंडिशन होगा। साथ ही इसे आधुनिक संसाधनों से लैस किया जाएगा। इसके तैयार होने के बाद दूर-दराज से आने वाले मरीजों को दुश्वारियां नहीं झेलनी पड़ेंगी।

अभी होती है दिक्कत

मेडिकल कॉलेज का गायनिक लेबर रूम सिर्फ 12 बेड का है। जबकि यहां डेली 12 से 13 नार्मल डिलेवरी कराई जाती हैं, वहीं 6 से 7 का सिजेरियन होता है। मरीजों की संख्या अधिक होने के चलते लेबर रूम में बेड भी कम पड़ जाते हैं। इस समस्या से अस्पताल प्रशासन काफी दिनों से जूझ रहा है। इसके लिए पिछले साल मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने 40 बेड का मॉडर्न लेबर रूम बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। इसके अलावा यहां पांच बेड का हाई डिफिशियनसी यूनिट का आईसीयू भी रहेगा। इसको देखते हुए शासन की तरफ से तत्काल 9 करोड़ 32 लाख रुपए स्वीकृत करते हुए निर्माण का जिम्मा कार्यदायी संस्था यूपी निर्माण निगम को सौंप दिया।

वर्जन

न्यू मॉडर्न लेबर रूम के लिए शासन ने पहले ही बजट दे दिया था। कार्यदायी संस्था द्वारा निर्माण कार्य चल रहा है। अगले साल भवन तैयार करना है।

- डॉ। गणेश कुमार, प्रिंसिपल, बीआरडी

Posted By: Inextlive