- घर बैठे ही नगर निगम में शिकायत दर्ज करा सकेंगे गोरखपुराइट्स

- चार घंटे में दूर कर दी जाएगी समस्या, जून में आईं आठ शिकायतों का हुआ निस्तारण

GORAKHPUR: शहर में रहने वाले करीब 14 लाख लोगों को अब सड़क, सफाई, मार्ग प्रकाश, पेयजल और सीवर आदि की समस्याओं के निदान को लेकर नगर निगम और जल कल विभाग तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। इसके लिए नगर निगम ने कंट्रोल रूम की स्थापना की है जहां शिकायत दर्ज कराने पर तत्काल समाधान हो सकेगा। जून माह में अब तक करीब आठ शिकायतें मिल चुकी हैं जिनका निस्तारण करा दिया गया।

ऑनलाइन भी करिए कंप्लेन

पब्लिक की समस्याओं को देखते हुए नगर निगम ने कंट्रोल रूम की स्थापना की है जिसे चालू कर दिया गया है। यहां पर शिकायतें ऑनलाइन के साथ ही फोन से भी दर्ज होंगी। इसके लिए वेबसाइट भी तैयार हो गई है जिसे ट्रायल के लिए खोल भी दिया गया है। शिकायतों का तय समय में निपटारा किया जाएगा। इसके लिए समय सारिणी भी बनाई गई है। निर्धारित समय में निराकरण न होने पर अफसरों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।

नोट होगी समस्या, मिलेगा समाधान

अफसर और कर्मचारी को मिलेगी सूचना

यह कंट्रोल रूम 24 घंटे सातों दिन काम करेगा। कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायतें संबंधित अधिकारी और कर्मचारी तक तत्काल पहुंचें इसके लिए सॉफ्टवेयर में मैसेज सिस्टम बनाया गया है। इसके अलावा एक फोन नंबर 0551-2342621 भी जारी किया गया है। शिकायतकर्ता जैसे ही अपनी समस्या दर्ज कराएगा, कंट्रोल रूम में मौजूद कर्मचारी उसे अपने रजिस्टर में दर्ज कर उसकी सूचना संबंधित अफसर को देगा। चार घंटे के अंदर समस्याओं का समाधान हो जाएगा।

वर्जन

जन शिकायत दर्ज करने की नई व्यवस्था बनाई गई है। इसके लिए अलग से एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। चार घंटे के अंदर अफसर इलाके के सुपरवाइजर को सूचना देंगे और तत्काल समस्याएं दूर हो जाएंगी।

- अंजनी कुमार सिंह, नगर आयुक्त

Posted By: Inextlive