गोरखपुर से चलकर यशवंतपुर जा रही गोरखपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस करीब तीन किलोमीटर तक आधे पहिए पर दौड़ी

-तीन किलोमीटर तक दौड़ती रही रेलगाड़ी हादसे से बाल- बाल बची

कुशलक्षेम जानने के लिए दिनभर लोग रहे परेशान
Gorakhpur@inext.co.in
GORAKHPUR:
गोरखपुर से चलकर यशवंतपुर जा रही गोरखपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस करीब तीन किलोमीटर तक आधे पहिए पर दौड़ी। मंगलवार की सुबह चेन पुलिंग करके पैंसेजर्स ने ट्रेन रोकी। तब गड़बड़ी की सूचना कंट्रोल को दी गई। पहिया टूटने से ट्रेन में सवार एक महिला घायल हो गई। पहिया ट्रैक पर गिरने से बड़ा हादसा टल गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हादसे की वजह से ट्रेन ज्यादा विलंब से चली। वहीं पेंट्रीकार न होने से पैंसेजर्स को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

अचानक लहराया कोच, पत्थर से लगी चोट
सोमवार की सुबह करीब छह बजकर 35 मिनट पर गोरखपुर से रवाना हुई गोरखपुर-यशवंतपुर (15015) करीब तीन घंटे के विलंब से चल रही थी। मंगलवार की सुबह सवा सात बजे ट्रेन नागपुर से चालीस किलोमीटर की दूरी पर थी। तभी अचानक ए-2 कोच लहराने लगा। ट्रेन में सवार यात्रियों को इसका अहसास नहीं हुआ। अचानक एक लोहे के टुकड़े ने कोच के नीचे वाली चद्दर को फाड़ दिया और सीट पर लेटी एक महिला को पत्थर लगा। चोट लगने से महिला के हाथों से खून बहने लगा। महिला के शोर मचाने पर लोगों को ट्रेन के फर्श की चद्दर फटने की जानकारी हुई। किसी हादसे की आशंका में लोगों ने चेन पुलिंग कर दी। इस दौरान करीब तीन किलोमीटर ट्रेन आगे बढ़ चुकी थी।

पेंट्रीकार के अभाव में भूख-प्यास से बिलखे पैंसेजर्स
ट्रेन के अचानक खड़ी होने पर एसी कोच के अटेडेंट और फीटर नीचे आ गए। जांच में सामने आया कि एक तरफ का आधा पहिया टूट चुका था। फीटर और कोच अटेडेंट ने तत्काल कंट्रोल को इसकी सूचना दी। रेलवे के दुर्घटना सहायता यान के लिए सायरन बज उठा। करीब दो घंटे के बाद एआरटी के पहुंचने पर राहत का काम शुरू हो सका। कोच को अलग करके यात्रियों को दूसरे डिब्बे में शिफ्ट किया गया। इसके बाद ट्रेन नागपुर को रवाना हो सकी। पहले से देरी से चल रही ट्रेन में पेंट्रीकार न होने से यात्री परेशान हो गए। घंटों सफर के बाद लोगों को खाने-पीने का सामान मिल सका। दुर्घटना की वजह से कई रेलगाडि़यों का संचलन भी प्रभावित हुआ। उधर एक्सीडेंट की सूचना से पैंसेजर्स के परिजन कुशलता जानने के लिए परेशान रहे। लोग फोन करके हर स्थिति की जानकारी लेते रहे।

Posted By: Inextlive