RANCHI:झारखंड में सत्तारूढ़ हुई बीजेपी गठबंधन की सरकार राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए कई कदम उठाने जा रही है। झारखंड के लोगों को अब एम्स की तरह झारखंड की राजधानी रांची में स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। एम्स की तर्ज पर झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स को डेवलप किया जाएगा और यहां पर स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा जाएगा। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने स्वास्थ्य सचिव को यह निर्देश दिया। इसके साथ मुख्यमंत्री ने राज्य में तीन सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पीटल खोलने को लेकर भी विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा की। शपथ लेने के बाद ही एक्शन में आए मुख्यमंत्री ने सोमवार को छह विभागों की समीक्षा बैठक की। सभी विभागों में सचिवों को विकास के काम में तेजी लाने और पारदर्शी प्रशासन देने का निर्देश दिया। खासकर गृह विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अब विभागों में लेट-लटीफी और लापरवाही नहीं चलेगी।

प्रो दिनेश उरांव बनेंगे स्पीकर

सिसई से भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रो। दिनेश उरांव झारखंड विधानसभा के अगले अध्यक्ष होंगे। सोमवार को राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सत्ता पक्ष की ओर से स्पीकर पद के लिए बीजेपी विधायक प्रो। दिनेश उरांव के नाम की घोषणा की। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि स्पीकर पद के लिए विपक्ष अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगा और सर्वसम्मति से प्रो। दिनेश उरांव स्पीकर चुन लिए जाएंगे।

प्रो। दिनेश उरांव ने झारखंड विधानसभा चुनाव में सिसई सीट पर जेएमएम के जिगा सुसारन को 2593 वोटों से पराजित किया था। जबकि कांग्रेस की प्रत्याशी और झारखंड सरकार में शिक्षा मंत्री रहीं गीताश्री उरांव तीसरे नंबर पर रहीं थी। गीताश्री उरांव यहां से विधायक भी थीं।

Posted By: Inextlive