RANCHI: सरकारी दस्तावेजों के निर्माण में होने वाली समस्याओं और देरी को देखते हुए जल्द ही कई सरकारी सेवाओं और दस्तावेजों की होम डिलीवरी शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। पहले फेज में राशन कार्ड, कैरेक्टर सर्टिफिकेट, कास्ट सर्टिफिकेट, रेसिडेंसियल समेत अन्य सेवाओं व दस्तावेजों की होम डिलीवरी शुरू होगी। इससे संबंधित सॉफ्टवेयर का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से स्वीकृति व सलाह भी ली जा रही है। अब स्टेट के लोगों को सरकारी कार्यो के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी केवल फोन करने पर सरकारी कर्मचारी घर आकर काम कर देंगे।

डीएल की हो रही डिलीवरी

झारखंड में फिलहाल ड्राइविंग लाइसेंस की होम डिलीवरी की जा रही है। इसी प्रयोग को ध्यान में रखते हुए अन्य सेवाओं की डिलीवरी का प्लान भी तैयार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि इसके लिए आरंभ में किसी कुरियर कंपनी को ऑथोराइज्ड किया जाएगा, जो न्यूनतम शुल्क पर डिलीवरी करेगी। बाद में यह सुविधा पहली बार नि:शुल्क प्रदान की जाएगी जबकि दूसरी बार से निर्धारित शुल्क का भुगतान करना पड़ेगा।

दिल्ली में हो रही 40 सेवाओं की होम डिलीवरी

दिल्ली में इस तरह की सेवा की शुरुआत की जा चुकी है जिसका अध्ययन करने जल्द ही झारखंड के अधिकारियों की एक टीम को भेजा जा रहा है। दिल्ली सरकार 40 सेवाओं की होम डिलीवरी कर रही है जबकि झारखंड में करीब 100 से ज्यादा सेवाओं को इस दायरे में लाने की प्लानिंग है।

ऑनलाइन सेवाएं चालू, मुश्किलें खत्म

कई सरकारी विभागों में पूरी तरह ऑनलाइन सेवाओं की शुरुआत हो चुकी है जिससे कई मुश्किलें समाप्त हो गई हैं। अब केवल एजेंसी का चयन कर होम डिलीवरी शुरू की जा सकती है। जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र, जाति, आय, स्थानीय निवासी प्रमाणपत्र, जमीन की रसीद आदि की सेवाएं आनलाइन हो चुकी हैं। इनकी डिलीवरी जल्द ही शुरू कर दी जाएगी।

डिलीवरी दूसरों के लेने की शिकायत

अधिकारियों का कहना है कि कुछ मामलों में डिलीवरी दूसरे लोगों द्वारा लेने की शिकायतें आई हैं, जो एक महत्वपूर्ण प्वाइंट है। इससे निजात के उपाय तलाशे जा रहे हैं।

वर्जन

योजनाएं प्रस्तावित हैं और संबधित सेवाओं के सॉफ्टवेयर तैयार किए जा रहे हैं। साफ्टवेयर के तैयार हो जाने के बाद इसकी छोटे पैमाने पर शुरूआत की जा सकेगी और सफलता हासिल हो जाने पर जल्द ही 100 से ज्यादा सेवाओं को इस दायरे में लाया जा सकता है।

राय महिमापत रे, डीसी, रांची

राशन कार्ड की होम डिलीवरी जल्द ही शुरू कर दी जाएगी। प्रस्ताव स्वीकृति के साथ ही सेवा शुरू होगी केवल ओरिजनल कार्ड के साथ मिलान करने की व्यवस्था लागू रहेगी। पहली बार में निशुल्क सेवा दी जाएगी लेकिन दूसरी बार से इसके लिए शुल्क का प्रावधान होगा।

नरेन्द्र कुमार गुप्ता, डीएसओ, रांची

Posted By: Inextlive