PATNA : राजधानी के शाहपुर थाना क्षेत्र के विजय पथ में शनिवार शाम धूमधाम से गाजे-बाजे के साथ बारात आई। जयमाला की रस्म हुई। दूल्हा-दुल्हन ने एक दूसरे को देखा। इसके बाद फोटो सेशन चल रहा था। इसी बीच अचानक फायरिंग हुई। इसमें दूल्हा और उसके भाई को गोली लग गई। इसमें दूल्हे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूल्हे का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने के बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया। दूल्हे की मौत के बाद दुल्हन बेहोश हो गई। जहां गाने पर डांस और हंसी ठिठोली हो रही थी, चंद मिनट में ही माहौल गमगीन हो गया। घटना के तत्काल बाद परिजन दूल्हे के भाई को निजी अस्पताल लेकर गए। घटना के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई थी। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।

हेसाम चक से आई थी बारात

विजय पथ में गुलेटन राय के घर दियरा के हेसाम चक से मदन राय के बेटे सत्येंद्र कुमार की बारात आई थी। दो महीने पहले से ही शादी की तैयारी चल रही थी। परिवार के लोगों को ये पता नहीं था कि जिसकी तैयारी में काफी दिनों से लगे हुए हैं। वो खुशी महज चंद मिनट की होगी। दूल्हे की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया है। हर आंखों में आंसू साफ देखा जा दिख रहा था।

Posted By: Inextlive