बारात आने के बाद दुल्हन ने उठाया आत्मघाती कदम

जहां गूंज रहे थे मंगल गीत, वहां गूजने लगी चीख पुकार

टूंडला : घर में मंगल गीत गूंज रहे थे। परिजन बरातियों की अगवानी की तैयारियों में जुटे थे तो सहेलियां दुल्हन को सजा रही थी। दरवाजे पर बारात को आने में कुछ ही वक्त शेष था। बेटी को दुल्हन के लाल सुर्ख जोड़ में देखने के लिए बुजुर्गों की आंखें लालायित थी, लेकिन पल भर में चीख-पुकार मच गई। जिस बेटी को लाल सुर्ख जोड़े में देखने की चाहत थी, आखिर उसी ने खुद को आग के हवाले कर दिया। बताया जाता है दुल्हन किसी और से प्यार करती थी तथा परिजनों से भी प्रेमी संग शादी कराने का आग्रह किया था। घर पर बारात आने से पूर्व दुल्हन द्वारा उठाए कदम से हर कोई दंग रह गया। दुल्हन को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत ¨चताजनक बनी हुई है।

खुद को लगाई आग

स्टेशन रोड स्थित एक मौहल्ले में रविवार को युवती की बारात आनी थी। घर में गीत संगीत का माहौल था। लेकिन दुल्हन के वेश में जिस युवती को सजाने की तैयारी चल रही थी, उसने शाम करीब चार बजे अचानक अपने आप को कमरे में बंद कर आग लगी ली। कमरे से आग की लपटें उठते देख परिजन युवती को बचाने पहुंचे, कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया, लेकिन तब तक युवती काफी हद तक जल चुकी थी।

शादी के घर में छाया मातम

आनन-फानन में युवती को उपचार हेतु ले जाया गया। इसी बीच बारात भी दरवाजे पर आ गई। पल भर में ही शादी वाले घर में मातम छा गया। दुल्हन को लाल सुर्ख जोड़े में देखने की तमन्ना पाने वाली आंखों में गम के साथ में कई भाव थे। दुल्हन के आग में जलने की खबर से वर पक्ष भी हैरान रह गया। दुल्हन की हालत ¨चताजनक बनी हुई है। इस पूरे वाकये के पीछे प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। परिजन प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं इस घटना से मुहल्ले के लोग भी हैरत में हैं। देर रात तक परिजनों ने इस घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी।

छोटी बेटी की शादी का प्रस्ताव

वर पक्ष के लोगों में भी दुल्हन के इस कदम से मायूसी छा गई। दुल्हन लेने के लिए पहुंचे बारात के रूप में आए लोगों की जुबां पर भी एक ही सवाल था आखिर क्या हुआ। समाज के लोगों के साथ मिलकर दुल्हन के पिता से मंत्रणा हुई। बताया जाता है दुल्हन के इस कदम से आहत पिता ने छोटी बेटी की शादी करने का प्रस्ताव वर पक्ष के समक्ष रखा है।

Posted By: Inextlive