RANCHI : महिला आयोग की कोर्ट हियरिंग में बुधवार को 22 मामलों की सुनवाई हुई। इसमें ज्यादातर मामले सरायकेला और बोकारो के थे, जिनमें से 6 मामलों का निष्पादन किया गया। घरेलू हिंसा, प्रताड़ना और दहेज से जुड़े मामलों में लोगों की काउंसेलिंग कर केस सुलझाने की कोशिश की गई। वहीं अन्य मामलों की सुनवाई के लिए अगली तारीख तय की गई है।

पत्‍‌नी को घर लाने की लगाई गुहार

महिला आयोग में एक पति ने अपनी पत्‍‌नी को घर वापस लाने में मदद की अपील की है। बोकारो के एक शिकायतकर्ता ने अपने ससुरालवालों पर ही अपनी पत्‍‌नी को उसके घर ना भेजने का आरोप लगाया। शिकायतकर्ता ने बताया कि कुछ महीने पहले उसने कोर्ट मैरेज किया था। जिसके बाद वह भुवनेश्वर किसी काम से चला गया। वापस लौटकर जब उसने पत्‍‌नी से आने की बात की तो ससुरालवालों ने उसे भेजने से मना कर दिया। वहीं डर से उसकी पत्नी ने भी आने से इंकार कर दिया। अगली सुनवाई में लड़की और उसके परिजनों को आयोग में पेश होने की सूचना भेजी गई है।

झारखंड विस चुनाव के कारण कई केस पेंडिंग

झारखंड में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान महिला आयोग में केसों की सुनवाई नहीं हो पा रही थी। जिसकी वजह से कई केस पेंडिंग हो गए। इस वजह से नए केसों की भी सुनवाई में परेशानी हो रही है। राज्य महिला आयोग की सदस्य शबनम परवीन ने बताया कि चुनाव के कारण आयोग की सुनवाई काफी दिनों तक नही हो पाई। संलिप्त लोगों को कोर्ट में पेश करने जैसे अधिकतर मामलों में पुलिस बल की जरूरत होती है। चुनाव में पुलिस को ड्यूटी पर लगाया गया था। इस वजह से कई मामलों में आगे की सुनवाई नहीं हो सकी थी। जिलों में पेंडिंग केसों का निपटारा किया जा रहा है।

Posted By: Inextlive