जापान में बाढ़ के बाद अब भीषण गर्मी का कहर शुरू हो गया है। इस भीषण गर्मी के चलते 14 लोगों की मौत हो गई है।

हजारों लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया
टोकियो (रॉयटर्स)।
जापान में बाढ़ के बाद अब भीषण गर्मी का कहर शुरू हो गया है। इस भीषण गर्मी के चलते बीते तीन दिनों में वहां 14 लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को जापान के कुछ इलाकों में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तापमान बढ़ने के कारण बाढ़ प्रभावित इलाकों में चल रहे राहत कार्य को भी रोक दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गर्मी से बीमार हुए हजारों लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। सबसे अधिक 39.3 डिग्री तापमान गिफू प्रांत में दर्ज की गई है।
35 डिग्री सेल्सियस मतलब सबसे ज्यादा गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जापान में इस हफ्ते इसी तरह की स्थिति बनी रहेगी। जापान में 35 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान को 'अत्यधिक गर्मी' माना जाता है। इस भीषण गर्मी के चलते कीचड़ और मलबा हटा रहे सैनिकों और स्वयंसेवकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा हैं। बता दें कि जापान में मूसलधार बारिश के बाद आई बाढ़ और भूस्खलन से करीब 200 लोगों की जान चली गई थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सरकारी प्रवक्ता योशीहाइड सुगा ने कहा था कि लगभग 73,000 सेनाकर्मी, पुलिस और अग्निशामक दल 83 हेलीकॉप्टरों और दर्जनों जहाजों की मदद से लापता हुए लोगों की तलाश में जुटे थे।
36 वर्षों का रिकॉर्ड टूटा
ईएफई समाचार ने सुगा का हावाला देते हुए बताया कि बीते 36 वर्षों में जापान में कभी ऐसी भयानक आपदा नहीं आई थी। बता दें कि 5 जुलाई को जापान में शुरू हुई बारिश से सबसे ज्यादा हिरोशिमा, एहिमे और ओकायामा के इलाके प्रभावित हुए। यहां इस आपदा से हजारों घर तबाह हो गए। इस बारिश से लगभग 20 लाख लोग प्रभावित हुए और उन्हें जल्द से जल्द अपने घरों को छोड़कर निकलने का आदेश दिया गया।

जापान में भारी बारिश का कहर जारी, अब तक 199 की मौत

जापान में भारी बारिश से 38 की मौत, करीब 50 लोग लापता

Posted By: Mukul Kumar