पति से झगड़कर आई पत्‍‌नी ने पुलिस को छकाया

बैंक ऑफ महाराष्ट्रा में सर्विस करने की कर रही थी बात

आगरा। सिकंदरा बोदला रोड के समीप कारगिल पेट्रोल पम्प के पास चार घंटे का हाईप्रोफाइल ड्रामा चला। एक युवती को देख भीड़ जुट गई। यह युवती सड़क किनारे बैठकर फूट-फूट कर रो रही थी। लोगों ने उससे पूछा, तो उसने कुछ भी नहीं बताया। समय बीतता जा रहा था, लेकिन युवती वहां से टस से मस नहीं हो रही थी।

मौके पर पहुंची पुलिस

लोगों ने इस घटना से पुलिस को अवगत कराया। सिकंदरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवती से पूछताछ की। पहले तो इस युवती ने पुलिस को भी कुछ भी बताने से इंकार किया। जब पुलिस सख्त हुई, तो युवती पुलिस को गुमराह करने लगी। कभी बताती, वह घर से दुखी है, तो कभी बताती पति से परेशान होकर वह आई है।

पुलिस ने लगाया पति को फोन

युवती से नंबर लेने के बाद पुलिस ने युवती के पति से फोन किया। वह भी पुलिस से बचता नजर आया। कभी खुद को बताता अलीगढ़ है, तो कभी दिल्ली है। पुलिस ने सख्ती दिखाई, तो उसने बताया कि वह अलीगढ़ में हैं और अभी मौके पर नहीं आ सकता है।

पत्‍‌नी ने पीटा था मुझे

पुलिस को पति रामनरेश ने बताया कि उसकी पत्‍‌नी से झगड़ा किया था। उसके साथ मारपीट की थी, जिसके बाद वह आगरा से चला गया। वहीं पत्‍‌नी ने बताया कि पति उसके साथ मारपीट कर उसे छोड़कर भाग गया है।

बैंक ऑफ महाराष्ट्र में काम करती है महिला

इस महिला ने पुलिस को बताया कि वह बैंक ऑफ महाराष्ट्र में काम करती है। उसके माता पिता सेक्टर आठ में रहते हैं। वह अपने घर नहीं जाना चाहती है। घरवाले उसे पसंद नहीं करते हैं। पति के अलावा उसका कोई नहीं है।

हुई थी लव मैरिज

महिला ने बताया कि एक वर्ष पूर्व ही उनकी लव मैरिज हुई थी। इस मैरिज से लड़की के घरवाले खुश नहीं थे। इस वजह से घरवालों ने उससे रिश्ता तोड़ दिया है। वह अब घर भी नहीं जा सकती है। युवती की बातों को सुनकर पुलिस भी चकरा गई। वह भी समझ नहीं पा रही थी कि आखिर युवती का करना क्या है। पुलिस ने एक कांस्टेबल के साथ युवती को महिला थाने भिजवा दिया।

नहीं आई महिला पुलिस

मामला युवती का था, और पूछताछ में पुलिस के जवान लगे हुए थे। युवती पुलिस के कारण दहशत में थी। कुछ पुलिसकर्मियों ने एसआई को बोला भी कि महिला पुलिस को बुला लो। एसआई ने फिर अपने अधिकारी को फोन किया, लेकिन महिला पुलिस मौके पर नहीं आई।

Posted By: Inextlive