RANCHI : वाहनों पर लगे रंग-बिरंगे डिजाइनर नंबर प्लेट अब जल्द ही नजर नहीं आएंगे। शोरूम से वाहन खरीदने के साथ ही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट भी दिए जाएंगे, जिसे लगाना जरूरी है। इस संबंध में जल्द ही जिला प्रशासन द्वारा दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। जानकारों की मानें तो अप्रैल से इसकी शुरुआत कर दी जाएगी। यह अनिवार्य रूप से हर वाहन में लगाया जाना है। सिटी के पुराने वाहनों के नंबर प्लेट भी बदलकर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाए जाएंगे। नई व्यवस्था के तहत अप्रैल से बिकने वाले वाहनों में यह प्लेट डीलर लगा कर देंगे। इससे कार, स्कूटर, टैक्सी, कैब, ट्रक आदि वाहनों की ऑनलाइन ट्रैकिंग संभव होगी। इससे कैब में महिलाओं के साथ आपराधिक घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।

मंत्रालय से अधिसूचना जारी

सड़क परिवहन मंत्रालय ने 4 दिसंबर को 1 अप्रैल 2019 से सभी नए वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाने की अधिसूचना जारी कर दी है। इसमें कहा गया है कि केंद्रीय मोटर वाहन नियम 50 के तहत हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य होगा। सरकार ने सभी सुझावों को ध्यान में रखते हुए अब वाहनों में हाई सिक्योरिटी प्लेट लगाने के नियम लागू कर दिए हैं।

बिना नंबर प्लेट नहीं निकलेंगे वाहन

परिवहन विभाग द्वारा तैयारी की जा रही है कि वाहन निर्माता अपने समस्त डीलरों को नंबर प्लेट उपलब्ध करवाएंगे। डीलर वाहनों में इस प्लेट को लगाने के बाद ही शोरूम से बाहर निकाल सकते हैं। इसके अलावा जरूरत के मुताबिक वाहन निर्माता अपनी पुरानी गाडि़यों के लिए भी डीलरों को नंबर प्लेट उपलब्ध कराएंगे।

पुलिस की रहेगी नजर

आंकड़ों की मानें तो दिल्ली में चार साल से हाई सिक्योरिटी प्लेट लगाई जा रही हैं लेकिन अभी तक काम चालू है। लगभग 2500000 कार, स्कूटर, मोटरसाइकिल में प्लेटे लगाई जा चुकी है। लेकिन अभी भी 60 फ सदी वाहनों में पुरानी प्लेट लगी है।

एक क्लिक पर वाहन की डिटेल

हाई सिक्योरिटी प्लेट डायनेमिक होगी। इसमें जीपीएस आधारित एक चिप लगा होगा, इसकी मदद से पुलिस कंट्रोल रूम या क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय कभी भी किसी भी गाड़ी को ट्रैक कर सकता है। डुप्लीकेट नंबर प्लेट बनने से रोकने के लिए इसमें लेजर मार्क और होलोग्राम जैसे सुरक्षा उपाय भी रखे गए हैं। हाई सिक्योरिटी प्लेट से अपराध करने वालों की धर-पकड़ आसान होगी। प्लेट की मदद से वाहन स्वामी की तमाम जानकारी एक क्लिक पर कंप्यूटर स्क्रीन पर आ जाएगी।

Posted By: Inextlive