RANCHI: सोमवार को पुलिस ने खेलगांव ओपी एरिया के एक आवासीय परिसर के ब्लॉक नंबर 23 के फ्लैट नंबर 401 से हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट का खुलासा करते हुए दो कॉलगर्ल और उसके एक दलाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई लड़कियां कोलकाता के साल्टलेक की रहने वाली हैं। उसके साथ पकड़ा गया दलाल प्रदीप कुमार मंडल उर्फ दीपक है। वह हजारीबाग के बरकट्ठा का रहने वाला है। वह पहले मुंबई में ड्राइवर का काम करता था। गिरफ्तार प्रदीप कुमार मंडल ने सदर डीएसपी को पूछताछ में बताया कि वह अधिक पैसा कमाना चाहता था। इसलिए वह मुंबई में झारखंड के एक व्यक्ति से मिला। इसके बाद हजारीबाग स्थित अपने घर आ गया। वहां वह रूद्रा के संपर्क में आया और रांची आ गया। प्रदीप ही उक्त फ्लैट में केयरटेकर था और ग्राहकों से रुपए वसूल करता था।

ऐसे हुआ पर्दाफाश

सदर डीएसपी विकास चंद्र श्रीवास्तव को सूचना मिली कि खेलगांव आवासीय परिसर में सेक्स रैकेट चल रहा है। इसी सूचना पर वे स्वयं खेलगांव पहुंचे। उनके साथ सदर थानेदार दयानंद कुमार, खेलगांव थानेदार अवधेश कुमार सिंह, महिला थानेदार दीपिका प्रसाद, महिला एएसआइ सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। दोपहर करीब 12 बजे टीम ने छापेमारी की, तो फ्लैट भीतर से बंद था। फ्लैट का बेल बजाने पर प्रदीप ने ही दरवाजा खोला। इसके बाद इस रैकेट का खुलासा हुआ।

22 मार्च को रांची आई थी लड़कियां

लड़कियों ने पूछताछ में बताया कि वे दोनों 22 मार्च को ही रांची आई थीं। एक लड़की चार माह से देह व्यापार के धंधे में है, जबकि दूसरी लड़की दो साल से। रूद्रा ने उन्हें 10 दिन के लिए बुक किया था। एक ग्राहक से कम से कम 5000 से आठ हजार रूपए मिलते थे। 22 मार्च से ही उक्त फ्लैट में ये लड़कियां रह रही थीं।

पटना से आई थी एक कॉलगर्ल

गिरफ्तार कॉलगर्ल में से एक पटना से आई थी। वहां उसकी दलाली कोई दूसरा व्यक्ति कर रहा था। उसे धंधे में 20 हजार रूपए मिले थे। पटना से काम समाप्त होने के बाद रूद्रा ने उसे रांची बुलाया। उसने वहीं से अपनी एक सहेली को भी साथ ले लिया। दोनों रांची में रह रही थीं, जिनके लिए ग्राहक रूद्रा ही खोजता था। रूद्रा की तलाश लोअर बाजार थाना पुलिस को भी है।

Posted By: Inextlive