शहर के मुख्य छह स्थानों से हुआ पथ संचलन, कई जगह पर किया गया पुष्पवर्षा से स्वागत

Meerut। विजयदशमी के उपलक्ष्य में जिमखाना मैदान में 'संघ संगम' के नाम से विशाल पथ संचलन का आयोजन किया गया। शहर के छह स्थानों से निकले पथ संचलन ने पूरे शहर को संघमय कर दिया। सैकड़ों स्थानों पर स्वयंसेवकों का पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। इसके पश्चात सभी भागों के स्वयंसेवकों ने पथ संचलन करते हुए जिमखाना मैदान में प्रवेश किया। इसके बाद ध्वज प्रणाम व संघ प्रार्थना सम्पन्न हुई।

800 स्वतंत्र संस्थाएं

मुख्य रूप से क्षेत्र प्रचारक आलोक कुमार ने कहा कि संघ आज विश्व का सबसे बड़ा संगठन बन चुका है। संघ विचार परिवार आज 15 करोड़ के पार पहुंच चुका है। वर्तमान में भारतवर्ष में 800 से अधिक ऐसी स्वतंत्र संस्थाएं हैं जो संघ के स्वयंसेवकों द्वारा संचालित की जा रहीं हैं। आज 1,75000 सेवा कार्य सेवा भारती द्वारा किए जा रहे हैं। यहीं नहीं, 4000 से अधिक संस्थाएं सेवा भारती से सम्बद्ध हैं।

संगठन ही उद्देश्य

उन्होंने कहा कि हम मानते हैं कि भारतवर्ष एक हिन्दू राष्ट्र है और हिन्दू से हमारा आशय यह है कि जो भी व्यक्ति इस देश के नायकों को अपना पूर्वज मानता हो तथा अपने देश की परम्पराओं में उसकी आस्था हो चाहे उसकी पूजा पद्धति कोई भी हो, वह हिन्दू है। उन्होंने कहाकि हिन्दू समाज को संगठित करना ही संघ का उद्देश्य है और भारत को परम वैभव तक ले जाना संघ का सर्वोपरि लक्ष्य है।

राष्ट्र ही सर्वोपरि

स्वयंसेवक की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा कि स्वयं की इच्छा से राष्ट्र सेवा में समर्पित व्यक्ति को स्वयंसेवक कहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि स्वयंसेवक से कोई पूछे ''धर्म, राष्ट्र, संगठन में कौन पहले है? तो इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिये कि स्वयंसेवक के लिये राष्ट्र ही सर्वोपरि है। संघ में जाति के लिये कोई स्थान नहीं है। हम केवल हिन्दू हैं, वही हमारा विचार है और इसके सामने जातिगत पहचान गौण है।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्र संघचालक सूर्यप्रकाश टोंक एवं महानगर संघचालक विनोद भारतीय, सह-प्रान्त संघचालक प्रेम चन्द्र, प्रान्त कार्यवाह फूल सिंह, प्रान्त प्रचारक धनीराम, सह-प्रान्त प्रचारक कर्मवीर, प्रान्त प्रचार प्रमुख अजय मित्तल, सह-प्रान्त प्रचार प्रमुख सुरेन्द्र सिंह, क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य डॉ। दर्शनलाल अरोड़ा, सह-प्रान्त व्यवस्था प्रमुख आनन्द प्रकाश अग्रवाल, विभाग संघचालक जतन स्वरूप, विभाग कार्यवाह अशोक शर्मा, विभाग प्रचारक अनिल कुमार, महानगर कार्यवाह अनिल एवं महानगर प्रचार धनंजय आदि उपस्थित रहे।

शहर में लगा जाम

पथसंचलन के दौरान दौरान शहर में कई स्थानों पर जाम भी लगा। चूंकि रविवार को पीसीएस की परीक्षा भी थी। इसलिए सुबह ही सड़क पर वाहनों का लोड बढ़ गया। पुलिस ने जाम खुलवाया। जिससे पब्लिक ने राहत की सांस ली।

Posted By: Inextlive