हिन्दुस्तानी एकेडेमी प्रयागराज ने शुरू की साहित्य यात्रा

साहित्यकारों के आवास पर जाकर परिजनों को कर रहे सम्मानित

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: हिन्दुस्तानी एकेडेमी हिन्दी साहित्य जगत के नामचीन साहित्यकारों के नाम से आधा दर्जन से अधिक सम्मानों की श्रृंखला का आगाज अपने स्थापना दिवस 29 मार्च से करने जा रहा है। इसके साथ ही युवाओं को साहित्य के पुराने वैभव से जोड़ने की दिशा में भी अभिनव पहल करने की योजना है। इसके तहत एकेडेमी के अध्यक्ष डॉ। उदय प्रताप सिंह की अगुवाई में हिन्दी साहित्य को समृद्ध कर चुके और उप्र के विभिन्न जनपदों में रहने वाले साहित्यकारों के आवास पर जाकर उनके परिजनों को सम्मानित किया जा रहा है।

नवम्बर से शुरू हुई योजना

हिन्दी साहित्य जगत के प्रख्यात साहित्यकारों के परिजनों को सम्मानित किए जाने की योजना का श्रीगणेश पिछले वर्ष नवम्बर से किया जा चुका है। एकेडेमी अध्यक्ष डॉ। सिंह के साथ तीन सदस्यीय टीम सबसे पहले प्रख्यात साहित्यकार श्याम नारायण पांडेय के गाजीपुर स्थित आवास पर पहुंची। दिसम्बर में डॉ। विवेकी राय के आवास पर जाकर उनके परिजनों को एकेडेमी का स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्रम् व शॉल देकर सम्मानित किया गया।

दो महीने का लगा ब्रेक

कुंभ मेला के आयोजन की वजह से सम्मानित करने की योजना पर जनवरी और फरवरी में ब्रेक लग गया था। मार्च से प्रत्येक महीने एक साहित्यकार के आवास पर जाने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में हिन्दी साहित्य जगत के पुरोधा रहे जय शंकर प्रसाद के आवास पर उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। एकेडेमी के कोषाध्यक्ष रविनंदन सिंह की मानें तो यह सिलसिला लगातार चलता रहेगा। इसके जरिए एकेडेमी युवाओं को साहित्य जगत की गतिविधियों से रूबरू कराती रहेगी।

एकेडेमी को एक बार फिर समृद्ध करने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। इसी के तहत पुरस्कार योजना, साहित्यकारों का सम्मान जैसी श्रृंखला शुरू की गई है। ताकि युवाओं को अधिक से अधिक साहित्यिक विधा से जोड़ा जा सके।

डॉ। उदय प्रताप सिंह, अध्यक्ष, हिन्दुस्तानी एकेडेमी

Posted By: Inextlive