फ्रांस में साल 2012 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए फ्रांसुआ उलॉंड को सोशलिस्ट पार्टी की ओर से उम्मीदवार चुना गया है.

कहा जा रहा है कि वो इस चुनाव में कंज़र्वेटिव पार्टी के वर्तमान राष्ट्रपति निकोला सारकोज़ी को चुनौती दे सकते हैं। उम्मीदवारी की दौड़ के दूसरे चरण के लिए रविवार को हुए मतदान में उन्होनें अपनी प्रतिद्वंदी महिला उम्मीदवार मार्टिन ओब्रे को 43 के मुकाबले 57 फ़ीसदी मत हासिल कर हरा दिया।

जनमत सर्वेक्षण के मुताब़िक फ्रांसुआ उलॉंड निकोला सारकोज़ी पर भारी पड़ते दिख रहे हैं। फ्रांस में पहली बार अमरीका की तर्ज़ पर इस तरह के प्राथमिक चुनाव हुए है। पिछले हफ़्ते पहले चरण के मतदान के बाद दो नेता आमने-सामने थे, वर्तमान नेता मार्टिन ओब्रे और फ्रांसुआ उलॉंद।

अनुभव

कोई भी फ़्रांसीसी नागरिक जो सोशलिस्ट पार्टी के मूल्यों पर बना रहने की शपथ लेता है वह इस चुनाव में भाग ले सकता है। पिछले हफ़्ते हुए मतदान के पहले चरण में 20 लाख लोगों ने भाग लिया था। अपने भाषण में मार्टिन ओब्रे ने कहा कि वो फ्रांसुआ उलॉंड की जीत का स्वागत करती हैं।

यौन शोषण के आरापों के चलते अंतररष्ट्रीय मुद्रा कोष के पूर्व प्रमुख डॉमनिक स्ट्रॉस कान के पद की दौड़ से हट जाने के बाद फ्रांसुआ उलॉंड पार्टी की पहली पसंद बन गए थे। हांलाकि बाद में कान पर लगे आरोप वापस ले लिए गए थे। फ्रांसुआ उलॉ़ड एक दशक से भी ज़्यादा समय तक पार्टी की देख-रेख कर चुके हैं।

पेरिस में बीबीसी संवाददाता का कहना है कि हालांकि वो संवेदनशील राजनेता माने जाते है लेकिन उनके पास सरकार चलाने का अनुभव नही है।

Posted By: Inextlive