- पुलिस ने आरोपित महिला और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा किया दर्ज

RUDRAPRAYAG: एक महिला पर अपनी नाबालिग बेटी से देह व्यापार कराने का आरोप लगा है। पीडि़त नाबालिग लड़की और उसकी नाबालिग सहेली को पुलिस ने एक होटल के बाहर से बरामद किया है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित महिला और छह अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम और पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने पीडि़ता की आरोपित मां को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जबकि इसी मामले में संलिप्त बताई जा रही एक अन्य महिला की तलाश की जा रही है। साथ ही होटल संचालक को भी हिरासत में लेकर पुलिस साक्ष्य जुटाकर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी चल रही है।

मां पर लगाया देह व्यापार का आरोप

पुलिस के अनुसार, एक दंपती में लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसे लेकर महिला हेल्पलाइन में दंपती की काउंसलिंग चल रही है। ट्यूजडे को महिला कांस्टेबल इस परिवार के सदस्यों की काउंसलिंग कर रही थी। महिला के काउंसलिंग में न पहुंचने पर उससे फोन पर संपर्क किया, लेकिन वह नहीं आई। बाजार में महिला की खोजबीन की गई। इस बीच उसकी नाबालिग बेटी मुख्यालय के एक होटल के बाहर मिली। पीडि़ता के साथ उसकी नाबालिग सहेली भी थी। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि उसकी मां उससे देह व्यापार कराती है। महिला कांस्टेबल ने इसकी जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी। पुलिस नाबालिग लड़की को बयान के लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) और पुलिस उपाधीक्षक और मजिस्ट्रेट के समक्ष लेकर पहुंचे। तहरीर और प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस प्रथमदृष्ट्या मामले में नाबालिग के शारीरिक शोषण की बात कह रही है। प्राथमिक जांच में पुलिस को यह भी पता लगा कि पीडि़ता के साथ बरामद की गई दूसरी नाबालिग लड़की से भी देह व्यापार कराया जाता रहा है। इस मामले में एक अन्य महिला भी संलिप्त बताई जा रही है। हालांकि यह नाबालिग लड़की फिलहाल इस तरह की बात से इन्कार कर रही है। वहीं, पीडि़त नाबालिग लड़की का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया। पुलिस ने बताया कि मेडिकल और सीडब्ल्यूसी की रिपोर्ट आने के साथ ही कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सम्मुख हुए बयान के आधार पर पुलिस अगली कार्रवाई करेगी। पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि मामले में दो नाबालिग सहित अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। इस मामले में छह से अधिक सफेदपोशों के भी संलिप्त होने की आशंका है। जल्द ही उन्हें चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Posted By: Inextlive