-केंद्रीय मंत्री ने किया उदघाटन, कई राज्यों के लगाए गए हैं स्टॉल

ALLAHABAD: एक ही छत के नीचे देश के तमाम राज्यों की कारीगरी और हुनर का आनंद लेना हो तो एनसीजेडसीसी में लगे हुनर हाट में आइए। इस प्रदर्शनी में दस्तकारी, शिल्पकारी सहित लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठा सकते हैं। रविवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने उदघाटन किया।

यहां सबकुछ मिलेगा

आपने सोचा भी नहीं होगा उस दर्जे की कलाकारी इस प्रदर्शनी में आपको देखने को मिल सकती है। खासकर केन और बांस से निर्मित वस्तुएं, असम के जूट उत्पाद, झारखंड की टस्सरगीजा सिल्क और भागलपुर की लीनेन, पारंपरिक गहनें, लाख एवं स्टोन जडि़त चूडि़यां और आभूषण आपको लुभाने के लिए काफी हैं। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल का कंठा, मूंगा सिल्क और वाराणसी का ब्रोकेड, लखनवी चिकनकारी, सेरामिक उत्पाद, मणिपुर के काले पत्थर के बर्तन, पूर्वोत्तर के पारंपरिक हस्तशिल्प, गुजरात के मिट्टी के बर्तन और मध्य प्रदेश के बाटिक/बाग/महेश्वरी/चंदेरी भी प्रदर्शनी में बिकने को बेताब है।

खानपान के शौकीनों का भी ठिकाना

खानपान के शौकीन हैं तो अवधी खाना, राजस्थानी पकवान, गुजराती थाली, कश्मीर वाजवान, महाराष्ट्री व्यंजन, पंजाबी रसोई, केरल का मालाबारी व्यंजन, बिहार का लिट्टी-चोखा भी यहां मिल जाएगा। प्रदर्शनी सुबह 11 से रात 9:30 बजे तक खुली रहेगी।

Posted By: Inextlive