-पुलिस ने पिस्टल और चार गोली बरामद की

patna@inext.co.in
PATNA : पहले लव मैरिज किया, बाद में पत्नी से नफरत होने लगी। इसके बाद दूसरी शादी करने के लिए संजीव ने नौ महीने की गर्भवती पत्नी के सिर में गोलीमार कर हत्या कर दी। घटना मीनापुर थाना के मुस्तफागंज गांव की है। सोमवार की अलसुबह 3.30 बजे सोई अवस्था में संजीव कुमार सौरभ ने 21 वर्षीय पत्नी राजनंदनी उर्फ लाखो देवी के सिर में गोली मार दी। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। सूचना पर सुबह छह बजे पहुंची मीनापुर पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया। लाखो देवी नौ माह की गर्भवती थी और इसी सप्ताह प्रसव होने की उम्मीद थी।

किया था लव मैरेज, मांग कर लाया था पिस्टल

बताया गया कि लाखो का मायके मुशहरी थाना क्षेत्र में है। उसकी शादी समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में हुई थी। संजीव और लाखो की नजदीकी थी। लाखो की शादी होने के बाद भी संजीव का उसके ससुराल आना-जाना था। वह कभी-कभी रात में भी वहां रुक जाता था। एक दिन दोनों आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए। तब ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर बंधक बना लिया था। खबर पाकर मुस्तफागंज से भी कुछ गणमान्य लोग वहां पहुंचे व सामाजिक पंचायत कर दोनों की शादी करा दी। घटना के चार साल बाद संजीव को लाखों से नफरत होने लगी और उसकी हत्या कर दी। पुलिस पूछताछ में संजीव ने हत्या करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि वह दूसरी शादी करना चाहता था। उसे न लाखो पसंद थी और न उसका होने वाला बच्चा। संजीव ने बताया कि पिस्टल अपने साथी से मांग कर लाया था। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल व 315 बोर की चार गोली बरामद की है। पुलिस ने बताया कि बरामद पिस्टल में एके 47 की गोली भी इस्तेमाल हो सकती है। संजीव ने अपने कुछ साथियों के नाम भी बताए जिस पर पुलिस की कड़ी नजर है।

Posted By: Inextlive