- जगह-जगह हो रही है चुनाव को लेकर चर्चा

- चाय की दुकान, कैम्पस के साथ ही साथ पार्क में भी हो रही चर्चा

- मुद्दे की बात को लेकर आगराइट्स हो रहे सीरियस

आगरा। लोकसभा चुनाव का वक्त नजदीक आता जा रहा है, जैसे-जैसे दिन गुजरते जा रहे हैं, चुनावी सरगर्मियां तेजी से बढ़ती जा रही है। गली और नुक्कड़ों पर चर्चाएं चल रही हैं। क्या चाय की दुकान और क्या कैम्पस, चुनाव के बारे में चर्चाएं हो रही हैं। थर्सडे को भी चुनावी चर्चा के बीच आई नेक्स्ट पहुंचा। यह चर्चा चल रही थी पालीवाल पार्क में। आइए बताते हैं कि पार्क में बैठे लोगों की एक टोली क्या बाते कर रही थी

सुजीत कुमार-मजबूत पीएम नहीं होने की वजह से विकास नहीं हो पा रहा है। मनमोहन सिंह हैं कि खुद निर्णय लेने में सक्षम ही नहीं हैं। सोनिया के इशारों पर ही नाचते हैं।

माताप्रसाद-बात अगर मजबूत पीएम की करें तो इस समय नरेंद्र मोदी अच्छा विकल्प है। मोदी केंद्र में मजबूत सरकार दे सकते हैं।

रामनरेश-ऐसा नहीं है कि सिर्फ मोदी ही मजबूत पीएम होंगे। बल्कि मुलायम सिंह यादव भी केंद्र में टिकाऊ सरकार बना कर भारत को मजबूती प्रदान कर सकते हैं।

सुजीत कुमार- मुझे तो लगता है कि ना कांग्रेस कैंडिडेट और ना मोदी पीएम बल्कि तीसरा मोर्चा खड़ा हो जाएगा। इसी का पीएम बनने की भी संभावना है। मजबूत पीएम भी इस चुनाव में महत्वपूर्ण मुद्दा बनकर उभर रहा है।

माताप्रसाद-भाई कुछ भी हो गरीबी खत्म होनी चाहिए। एजुकेशन का स्तर भी सुधरना चाहिए। तब ही जाकर देश का कुछ भला हो सकता है।

जेएस चौधरी-सड़कें खराब पड़ी हुई हैं। पूरी ईमानदारी से विकास नहीं हो रहा है। रोजगार मिले तो आम इंसान जिंदा रह पाए। आने वाले चुनाव में यह मुद्दा जोर पकड़ेगा।

रामनरेश-क्राइम का ग्राफ बढ़ रहा है। यह भी बड़ा मुद्दा है। महिलाओं की सुरक्षा नहीं हो पा रही है। क्राइम कंट्रोल होना चाहिए। पीने का पानी नहीं है। सड़के खराब हैं और क्राइम ये मुद्दे पब्लिक के दिमाग में हैं।

विजेंद्र कुमार-आगरा के लिए तो पानी का मुद्दा बहुत बड़ा है। पहली बात तो पर्याप्त पानी उपलब्ध है ही नहीं। जो पानी आ भी रहा है वह बहुत ही गंदा आ रहा है। कोई भी जनप्रतिनिधि चुना जाए। कोई भी सरकार बने भाई आगरा की जनता को तो पब्लिक को तो साफ पानी चाहिए।

Posted By: Inextlive