RANCHI : भारत दर्शन पर निकले देश के 18 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों की टीम शनिवार को रांची पहुंची। रांची में इन अधिकारियों का तीन दिनों तक प्रवास है। इस दौरान अधिकारी अलग-अलग विभागों की योजनाओं की मॉनिटरिंग, एग्जीक्यूशन के बारे में जानेंगे। साथ ही यह भी जानेंगे कि सरकार किस तरह से काम करती है। झारखंड के सरकारी विभागों में किस तरह काम होता है, इससे भी रूबरू होंगे।

पहले दिन नगर विकास विभाग पहुंचे

पहले दिन अधिकारियों की टीम राज्य सरकार के नगर विकास विभाग के कार्यो को जानी। शनिवार को प्रोजेक्ट भवन स्थित सभागार में विभागीय सचिव अजय कुमार सिंह ने प्रशिक्षु पदाधिकारियों को संबोधित किया और भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी योजनाओं के साथ-साथ राज्य सरकार के नगर विकास व आवास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की भी जानकारी दी। विभागीय सचिव अजय कुमार सिंह ने जेएनएनयूआरएम, स्मार्ट सिटी मिशन, अमृत, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन व नमामि गंगे जैसी योजनाओं के बारे में बताया। कहा की देश में शहरी विकास सरकार की बड़ी प्राथमिकता इसलिए है कि शहरों में रहने वाली आबादी देश की आबादी का लगभग 30 परसेंट है, लेकिन जीडीपी में शहरों की हिस्सेदारी लगभग 60 परसेंट के आसपास है। साथ ही राज्य में किस तरह से इन योजनाओं का विकास किया जा रहा है, इसके बारे में बताया। उन्होंने एक आईएएस के रूप में अपने 23 साल के अनुभव को साझा किया और कई टिप्स भी दिए।

Posted By: Inextlive