दोआबा में अलग-अलग स्थानों पर हुई घटना, मृतकों के परिजनों में कोहराम

kaushambi@inext.co.in

KAUSHAMBI ( 6 April): दोआबा में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हैं। घायलों को डॉक्टरों ने इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया है। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों के परिजनों में कोहराम है।

करारी इलाके में हुई घटना

करारी थाना क्षेत्र के थांबा अलावलपुर गांव निवासी निसार अहमद (65) पुत्र बदलू अपनी ससुराल सचवारा गांव गया था। बुधवार की रात वह साइकिल से घर लौट रहा था। रात करीब नौ बजे जैसे ही वह बट बंधुरी गांव के समीप पहुंचा, तेज रफ्तार जा रही डीसीएम ने उसे कुचल दिया। हादसे में निसार अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वहां आसपास के लोग पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस बीच रात का लाभ उठाकर चालक डीसीएम लेकर भागने लगा। यह देख आक्रोशित लोगों ने वाहन पर पथराव कर दिया। हड़बड़ी में चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि वाहन को कब्जे में ले लिया।

गंभीर चार लोग रेफर

बुधवार की रात करीब 11.20 बजे एक बोलेरो कार तेज रफ्तार में टेंवा की तरफ जा रही थी। जैसे ही सफारी टेंवा के समीप तिराहे पर पहुंची, वहां पर गेंहू काटने की बड़ी मशीन धाता की तरफ से आ रही थी। मशीन को देख सफारी चालक का नियंत्रण गाड़ी से हट गया और वह बोलेरो लेकर पीछे से मशीन में टकरा गया। हादसे के बाद जोर की आवाज के साथ बोलेरो के परखचे उड़ गए। स्थानीय लोग टेंवा चौकी पुलिस को खबर देने के साथ ही घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। सफारी में सवार लुधियाना के सुखचैन गिल (32), राजबीर गिल (26), कर्वी के शाहरुख (19), होसियारपुर पंजाब के हरिजेन्दर सिंह (25) व राजीव सिंह (32) गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने राजीव को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को इलाज के बाद उनकी हालत नाजुक देख इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि सफारी सवार लोग किसी कारोबार के चक्कर में यहां आए थे।

Posted By: Inextlive