गले मिल दी ईद की मुबारकबाद
RANCHI : मंगलवार को पूरे हर्षोल्लास के सात ईद-उल-फित्र का त्योहार मनाया गया। ईद को लेकर सुबह से ही शहर में रौनक देखने को मिल रही थी। मस्जिद और ईदगाह सजे हुए थे। यहां ईद की नमाज अदा करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। नए कपड़े में इत्र की सुगंध के साथ लोग मस्जिदों में नमाज अदा करने पहुंचे। रांची ईदगाह और डोरंडा ईदगाह में सुबह 10 बजे ईद की नमाज पढ़ी गई, जबकि अलग-अलग मस्जिदों में अलग-अलग समय पर लोगों ने नमाज पढ़ी।
गले लग दी ईद की बधाईईद की नमाज पढ़ने के बाद लोगों ने गले लगकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान उन्होंने तोहफा का आदान-प्रदान भी हुआ। ईदगाह व मस्जिद वाले रास्ते में तो मेले जैसा माहौल था। कांटाटोली चौक के पास स्थित मौलाना आजादनगर कॉलोनी में लगे झूले में बैठने को लेकर बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इसके अलावे बड़े-बुजुर्गो ने छोटों को ईदी देकर ईद की रस्म अदा की। ईद की मुबारकबाद देने के अलावे लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर सेवई, बिरयानी और कबाब जैसे लजीज व्यंजनों का लुत्फ भी उठाया।
गवर्नर डॉ सैयद अहमद ने जाफरिया मस्जिद में पढ़ी नमाजझारखंड के गवर्नर डॉ सैयद अहमद ने कर्बला चौक स्थित जाफरिया मस्जिद में ईद की नमाज अदा की। वे हरमू स्थित ईदगाह मैदान भी गए और वहां लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड के लोगों को ईद की बधाई दी। मुख्यमंत्री राजभवन जाकर राज्यपाल डॉ सैयद अहमद को भी ईद की मुबारकबाद दी। रांची यूनिवर्सिटी के वीसी डॉ एलएन भगत ने भी चांसलर कम गवर्नर डॉ सैयद अहमद को ईद की बधाई दी। पूरे शहर में परस्पर मेलजोल व भाईचारे के साथ ईद मनाया गया।