RANCHI : राजधानी रांची सहित राज्य भर में अपनों की हत्या के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ऐसी घटनाओं में हत्यारा कोई बाहरी नहीं बल्कि अपना ही होता है। जिनसे खून का रिश्ता है या जिससे खूनी होने की कल्पना भी सभ्य समाज नहीं कर सकता। हाल ही में ऐसे कई अपराध हुए हैं जिसमें भाई ने भाई की, पत्नी ने पति का, पति ने पत्नी की हत्या या दोस्त ने दोस्त की हत्या कर दी या करवा दी। रिश्तों के कत्ल में ऐसी सनसनीखेज वारदातें राजधानी और उसके आसपास के क्षेत्रों में ज्यादा बढ़ गई है।

अवैध संबंध, धन-दौलत, संपत्ति है वजह

इन हत्याओं के पीछे अक्सर अवैध संबंध, धन-दौलत, संपत्ति की बात तो आती ही है। इसके अलावा शक और छोटी-मोटी बातों पर आवेश में आकर हत्या भी एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। आज ऐसी वारदातें दिनोदिन बढ़ रही हैं। धन-दौलत की चाह, ईष्र्या, वासना और तनाव में अपना आपा खो कर अपने ही लोगों की हत्या समाज के लिए खतरे की घंटी है। लोग खुद को ज्यादा सिविलाइज्ड और विवेकशील कहने का दंभ तो भरते हैं, पर ऐसे अपराध इस सोच को चुनौती देते नजर आ रहे हैं। पुलिस भी अब हत्या के मामलों में परिवार के लोगों पर षडयंत्र के एंगल पर जरूर सोचती है। अधिकतर मामलों में उनका शक सही साबित होता है।

सोशल मीडिया भी जिम्मेवार

रिश्तों में बढ़ रही दूरियों के कई कारण हैं। सोशल मीडिया जिम्मेवार है। अनजान लोगों से चैटिंग करना, घंटों उनसे बातचीत का असर दिलो-दिमाग पर पड़ता है। लोग काल्पनिक दुनिया में रहते हैं। अपनों के बीच संवादहीनता शुरू हो जाती है। रिश्तों की गर्माहट खत्म हो जाती है। एक कारण व्यस्तता भी है। लोगों के पास समय नहीं कि परिवार पर ध्यान दे सकें। पति-पत्‍‌नी एक-दूजे को समय नहीं दे पाते। इससे समस्या बढ़ती है।

कब-कब हुई हत्याएं

20 नवंबर, 2018

तुपुदाना में अवैध संबंध के आरोप में दोस्त ने दोस्त की कर दी हत्या।

5 मार्च, 2018

रातू में प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या कर शव को दफना दिया था। पुलिस ने कमलेश सिंह की हत्या के आरोप में विनोद उरांव को गिरफ्तार किया था।

वर्ष 2017

सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के न्यू मधुकम के रहने वाले अजय महली ने अपने बड़े भाई दीपक महली को शराब पीने से मना किया था। यह बड़े भाई को नागवार गुजरा और छोटे भाई की रॉड से मारकर हत्या कर दी।

वर्ष 2016

सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में रूबी देवी की हत्या घरेलू विवाद में देवर काली शंकर ने कर दी थी। हत्या के बाद देवर ने सरेंडर कर दिया।

वर्ष 2016

लालपुर थाना क्षेत्र के थड़पखना की रहने वाली रिंपा प्रमाणिक अपनी शादी की सूचना दोस्तों को देने घर से निकली थी। लेकिन घात लगाए प्रेमी ने गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी को जेल हुई थी।

वर्ष 2016

लालपुर थाना क्षेत्र के लोअर व‌र्द्धवान कंपाउंड की रहने वाली सोनी देवी ने पति एकांत कुमार की हत्या कर दी। सोनी देवी के पति का कई लड़कियों से अवैध संबंध था।

प्रेमी के साथ मिलकर सभी परिजनों को दिया जलर

तकरीबन दो साल पहले रांची में एक व्यवसायी को उसकी भाभी ने ही पेशेवर अपराधियों के हाथों सुपारी देकर मरवा दिया। काफी साल पहले जमशेदपुर में एक युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिल कर अपने घर के सारे लोगों को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया था। वहीं, एक वॉलीबॉल कोच की हत्या में भी उसकी पत्नी के ही हाथ होने की बात आई थी।

कोट

लोग थोड़ी-थोड़ी बात में आपा खो रहे हैं। कई हत्याएं तो केवल शक पर ही कर दी जाती हैं। ऐसी हत्याओं में कई आरोपी सलाखों के पीछे हैं और कुछ मामलों में स्पीडी ट्रायल भी चल रहा है।

एवी होमकर, डीआईजी, रांची

Posted By: Inextlive