-रक्षा मंत्री ने देखे 'मेड इन इंडिया' थीम पर बने रक्षा उपकरण, बढ़ाया हौसला

-पश्चिमी कमान के कमांडर सहित तमाम आला अधिकारियों संग किया योग

Meerut : फौज को अत्याधुनिक हथियारों और उपकरणों से लैस करने की मुहिम रंग लाने लगी है। इस कड़ी में स्वदेशी आधुनिक हथियारों को प्रमुखता दी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर रविवार को मेरठ पहुंचे रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर को सेना की ओर से मेड इन इंडिया की थीम पर बने आधुनिक हथियार व रक्षा उपकरण दिखाए गए। छावनी में स्थित पाइन डिवीजन मुख्यालय में पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल केजे सिंह ने रक्षा मंत्री को इन हथियारों की खूबियों के बारे में विस्तार से बताया।

तकनीकी जानकारी दी

इस अवसर पर चार्जिग रैम व पाइन डिवीजन के आला अधिकारियों से बातचीत करने के साथ ही उन्हें देश में बनाए गए रक्षा उपकरणों व आधुनिक हथियारों के बारे में बताया गया। देशी हथियारों के साथ ही इस मौके पर कुछ विदेशी आधुनिक हथियारों को भी रक्षा मंत्री को दिखाया गया, जिन्हें सेना में शामिल करने की तैयारी चल रही है। रक्षा मंत्री ने इन हथियारों के बारे में महज सुना ही नहीं बल्कि उनके इस्तेमाल के तरीके व तकनीकी को करीब से देखा भी।

फौज के साथ देश

फौज का मनोबल बढ़ाने के साथ ही रक्षा मंत्री ने सेना की ओर से आधुनिक रक्षा उपकरणों की तैयारी पर भी बधाई दी। उन्होंने कहा देश फौज के साथ है और जवानों की हर समस्या उनकी प्राथमिकता में शामिल है। वे उन समस्याओं का निदान जरूर करेंगे। यद्यपि इसमें कुछ समय जरूर लग सकता है। सेना के वरिष्ठ अधिकारियों व जवानों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि सेना के आधुनिकीकरण की ओर ध्यान दिया जा रहा है। इसीलिए माउंटेन कोर बनाने की प्रक्रिया रुक गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मंत्रालय के पास उपलब्ध संसाधनों में कोई भी एक कार्य किया जा सकता है। इसलिए फिलहाल आधुनिकीकरण पर जोर दिया जा रहा है। सेना के कार्यक्रम के बाद रक्षा मंत्री सिविल कार्यक्रम में शामिल हुए और उसके बाद आरवीसी से ही उनका हेलीकाप्टर दिल्ली के लिए रवाना हो गया।

योग दूर भगाएं डॉक्टर

इससे पूर्व रक्षा मंत्री चार्जिग रैम डिवीजन की ओर से आयोजित आरवीसी सेंटर एंड कालेज के पोलो ग्राउंड में आयोजित योग में शामिल हुए। प्राकृतिक हरियाली के बीच मधुर संगीत के साथ योग में मेरठ विभाग के करीब चार हजार सैन्य अधिकारी व जवान अपने परिवार के साथ शामिल हुए। यहां अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक क्षण में सेना के साथ योग में शामिल होकर उन्हें बेहद खुशी है। उन्होंने कहा कि अब तक कहावत रही है कि हर दिन एक सेब के सेवन से डाक्टर दूर रहते हैं। लेकिन अब कहा जा सकता है कि हर दिन एक घंटे योग से निरोगी रहा जा सकता है।

Posted By: Inextlive