देश में इन दिनों पहाड़ों के साथ ही मैदानी इलाकों में भी माैसम का मिजाज काफी बिगड़ा है। कहीं भारी तो कहीं छुटपुट बारिश से जन जीवन बेहाल है। इसकी वजह से ठंड में भी इजाफा हुआ है। जानें आज कहां कैसा रहेगा माैसम...

* पहाड़ों पर आज भी बारिश और बर्फबारी के अासार
* दिल्ली को आज बारिश से मिल सकती थोड़ी राहत
* उत्तर प्रदेश में आज बारिश संग ओले भी गिर सकते
* कोहरे से ढके रहेंगे पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश
* सौराष्ट्र और कच्छ में आज चल सकती है शीत लहर

कानपुर। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अधिकांश स्थानों पर कल भी भारी बारिश और बर्फबारी हुई। इसके साथ ही उत्तरपश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में कहीं भारी बारिश तो कहीं छुटपुट बारिश हुई। कुछ इलाकों में तो ओले भी गिरे। इसकी वजह से जनजीवन काफी बेहाल रहा। ठंड में भी काफी इजाफा हुआ था। हालांकि अगर आज के माैसम पर नजर डालें तो आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में बारिश कम होने के आसार है।  

भारी बारिश संग ओले भी गिर सकते

वहीं भारतीय माैसम विभाग के वैज्ञानिकों की मानें तो एक फ्रेश वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से कुछ राज्यों में हालात बिगड़ने की भी आशंका है। आज मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। अगले 24 घंटे तक यहां हालात गंभीर रह सकते हैं। इसके अलावा उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में 27 जनवरी के आसपास भारी बारिश हो सकती है ।
आज कोहरे में ढके रहेंगे आज ये राज्य
आज कोहरे पर नजर डालें तो पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश में सुबह के समय घना कोहरा रहेगा। वहीं राजस्थान और उत्तर मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर कोहरा छाया रहेगा। इसके अलावा सौराष्ट्र और कच्छ में शीत लहर चलने के अासार हैं। वहीं उत्तर पश्चिम भारत और इससे सटे मध्य भारत में अगले 4-5 दिनों के दौरान रात का न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे 3-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना बनी है।

 

Posted By: Shweta Mishra