दुष्कर्म की आशंका, अस्पताल में भर्ती

ALLAHABAD: खुल्दाबाद एरिया से गायब चार वर्ष की मासूम शनिवार की सुबह काला डांडा कब्रिस्तान में बेहोशी हालत में मिली। लोग उसके पास पहुंचे तो वह खून से लथपथ थी। बालिका से दुष्कर्म की संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर सक्रिय हुई पुलिस व अधिकारियों की टीम जांच में जुट गयी है। बालिका को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। खुल्दाबाद एरिया में रह रहे स्मैकियों द्वारा मासूम के साथ दरिंदगी किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

फतेहपुर की मूल निवासी

फतेहपुर का रहने वाला एक परिवार कई वर्षो से खुल्दाबाद एरिया में रह रहा है। परिवार के लोग जैसे-तैसे दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करते हैं। शुक्रवार की देर रात उनके साथ रहने वाली एक चार वर्ष की बच्ची गायब हो गई। भोर में जब मां की नींद खुली तो बच्ची नहीं थी। उसने आस-पास देखा। बच्ची न मिलने पर शोर मचाया। आस-पास के लोग बच्ची तलाश में लग गए। इसी बीच पता चला कि एक बच्ची काला डांडा कब्रिस्तान में पड़ी है। परिवार के लोग वहां पहुंचे तो उसे पहचान लिया। वह बेहोश थी और उसके शरीर से खून बह रहा था। पुलिस को सूचना देने के साथ ही बच्ची को हॉस्पिटल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बच्ची से दुष्कर्म की संभावना जताई है। यह जानकारी होते ही एसपी सिटी के साथ ही अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गये। बच्ची को हवश का शिकार बनाने वालों की तलाश में पुलिस लग गई है।

मासूम के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रौशन लाल

इंस्पेक्टर खुल्दाबाद

Posted By: Inextlive