RANCHI : निकासी व्ययन पदाधिकारी (डीडीओ) और कोषागार पदाधिकारी (टीओ) की मिलीभगत से राज्य के प्लस टू स्कूलों में चल रहे वोकेशनल कोर्सेज के इंस्ट्रक्टर और लैब असिस्टेंट मालामाल हो रहे हैं। एक इंस्ट्रक्टर अपने निर्धारित वेतन से हर महीने 20 हजार और लैब असिस्टेंट 15 हजार रूपये ज्यादा तनख्वाह उठा रहे हैं। इससे सरकार को हर महीने 27 लाख 65 हजार रूपये की चपत लग रही है। ग्रेड पे के कंफ्यूजन में इंस्ट्रक्टर व लैब असिस्टेंट के खाते में उनके वेतनमान से ज्यादा रकम डाली जा रही है।

ऐसे हुआ खुलासा

2015 में मुख्यमंत्री जनसंवाद केन्द्र में शिकायत दर्ज होने के बाद शिक्षा विभाग के संज्ञान में यह मामला आया। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने इस साल 20 फरवरी को निर्देश जारी करते हुए 4200 ग्रेड पे की बजाय 2800 ग्रेड पे के आधार पर प्लस टू वोकेशनल के इंस्ट्रक्टर्स को 4800 के ग्रेड पे की बजाय 4200 और और लैब असिस्टेंट को 4200 की बजाय 2800 ग्रेड पे के हिसाब से सैलरी रिलीज करने का निर्देश दिया। लेकिन, इस आदेश के बाद भी इंस्ट्रक्टर्स और लैब असिस्टेंट 4200 ग्रेड पे के आधार पर अपनी तनख्वाह उठाते आ रहे हैं। इधर, निदेशालय की ओर से बीते 20 सालों में ली गई राशि की वसूली के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

75 इंस्ट्रक्टर्स और 82 लैब असिस्टेंट हैं कार्यरत

पूरे झारखंड में वर्तमान में 75 अनुदेशक और 82 प्रयोगशाला सहायक हैं। अनुदेशकों और प्रयोगशाला सहायकों की नियुक्ति इसलिए की गई थी ताकि स्कूलों में व्यवसायिक शिक्षा प्रारंभ की जा सके। व्यवसायिक शिक्षा के संचालन के लिए हर ट्रेड में एक अनुदेशक और एक प्रयोगशाला सहायक की नियुक्ति 1993 में की गई थी जबकि कुछ स्कूलों में 3 अनुदेशकों की नियुक्ति हुई थी। प्रयोगशाला सहायक की योग्यता इंटरमीडिएट निर्धारित थी तथा उस वक्त 1400 से 2600 ग्रेड पे निर्धारित किया गया था।

ग्रेड पे की आड़ में सैलरी से ज्यादा वेतन की निकासी

1993 में संयुक्त बिहार में 148 प्लस टू स्कूलों में व्यवसायिक पाठयक्रम की शुरूआत की गई थी। झारखंड गठन के बाद 57 प्लस टू स्कूलों में व्यवसायिक शिक्षा की पढा़ई कराई जा रही है। इन स्कूलों में कुल 3 ट्रेड की पढाई कराई जा रही है। जिस वक्त लैब असिस्टेंट की नियुक्ति हुई थी उस वक्त वेतनमान 1400-2600 ग्रेड पे निर्धारित था। जिसे पुनरीक्षित करते हुए वेतनमान 4500-7000 किया गया। छठे पुनरीक्षित वेतनमान में 5200-20200एवं ग्रेड पे 2800 स्वीकृत किया गया था। लेकिन सारे प्रयोगशाला सहायक पंचम वेतनमान 4500-7000 की बजाए 5000-8000 और छठे वेतनमान 5200-20200 एवं ग्रेड पे 2800 के स्थान पर 9300-34800 एवं ग्रेड पे 4200 ले रहे हैं।

Posted By: Inextlive