- ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम, जिला प्रशासन और सिविल पुलिस की नौ दिन की संयुक्त कार्रवाई दिखाने लगी असर

- करीब 7000 अतिक्रमण ध्वस्त कर या हटाकर सड़कों को किया चौड़ा

- कई इलाकों में अभी भी सुधार की गुंजाइश

LUCKNOW : 9873 चालान, 2100 वेंडर हटाए और बदल गई ट्रैफिक की सूरत। जी हां, अगर अब राजधानी की सड़कों पर आपको ट्रैफिक जाम से सामना नहीं करना पड़ रहा तो उसका लब्बोलुआब इस आंकड़े में छिपा है। ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम, जिला प्रशासन और सिविल पुलिस की नौ दिन की संयुक्त कार्रवाई अब राजधानी में असर दिखाने लगी है। ऊपर दिये गए आंकड़ों के अलावा कुछ ऐसे आंकड़े भी हैं, जो गिनती में ही नहीं आ सके हैं। इस दौरान करीब 7000 अतिक्रमण को हटाकर या ध्वस्त कर सड़कों को राहगीरों के चलने के लिये चौड़ा किया गया है। जबकि, ई-रिक्शों के खिलाफ कार्रवाई भी इस सफलता के पीछे की अहम वजह माना जा रहा है।

ताबड़तोड़ कार्रवाई का असर

राजधानी की ट्रैफिक की सूरत संवारने का जिम्मा खुद एसएसपी कलानिधि नैथानी ने संभाल रखा है। जबकि, डीएम कौशल राज शर्मा, नगर आयुक्त इंद्रमणि त्रिपाठी भी इस अभियान में बेहद सक्रियता से जुटे हैं। जिसका नतीजा सामने है। बीते 10 दिसंबर से शुरू हुए ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के अभियान को गुरुवार को 10 दिन पूरे हो गए। जिसका असर शहर के रोड्स पर साफ देखा जा सकता है।

फैक्ट फाइल

ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई

5170 वाहनों का चालान

47 वाहन सीज किए

1.92 लाख रुपये शमन शुल्क

पुलिस की कार्रवाई

4703 वाहनों का चालान

नगर निगम

2100 वेंडरों हटाए गये

7000 अतिक्रमण हटाये गये

कुछ इलाकों में अब भी सुधार की गुंजाइश

राजधानी के ट्रैफिक को सुधारने के लिये चलाए जा रहे अभियान ने राजधानी वासियों को राहत दी है। आलमबाग, बाराबिरवा, चारबाग, नाका, विधानसभा मार्ग, हजरतगंज, रिंग रोड, मुंशी पुलिया, कैसरबाग इलाके जहां दिनभर जाम के हालात बने रहते थे। वहां इस अभियान के बाद से ट्रैफिक व्यवस्था में काफी सुधार है। पर, अभी कई इलाकों में सुधार की गुंजाइश है। निशातगंज ओवरब्रिज के नीचे लगने वाली फल मंडी, निशातगंज चौराहे पर स्थित अवैध टेम्पो स्टैंड, डालीबाग स्थित बहुखंडीय मंत्री आवास के सामने जीएसटी विभाग द्वारा सीजकर खड़े किये जाने वाले ट्रकों की वजह से इन इलाकों में अब भी जाम की स्थिति बनी हुई है। वहीं, अशोक मार्ग, मीराबाई मार्ग, लाटूश रोड पर अवैध पार्किंग को हटाया जाना बेहद जरूरी है।

वर्जन

अब तक हमारा प्राइम फोकस सबसे व्यस्त इलाकों पर केंद्रित था। अब वहां के हालात में सुधार होने पर अन्य इलाकों पर भी अभियान में तेजी लाकर वहां की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू किया जाएगा।

- रविशंकर निम, एसपी ट्रैफिक

Posted By: Inextlive