अस्पताल में महिला मरीज से दुष्कर्म का मामला, पीडि़ता ने की फांसी की मांग

Meerut। शहर के लोकप्रिय अस्पताल में रिटायर्ड फौजी की पत्‍‌नी से हुए दुष्कर्म के मामले में मंगलवार को कर्मचारी रिजवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने अस्पताल में भर्ती महिला के 161 के बयान लिए। पीडि़त महिला ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है। बुधवार को महिला के कोर्ट में 164 के बयान होंगे।

जरा समझ लें

हापुड़ के सिंभावली थानाक्षेत्र के एक गांव की 58 वर्षीय महिला को लोकप्रिय अस्पताल में 13 नवंबर को भर्ती कराया था। रविवार की देर रात अस्पताल का कर्मचारी रिजवान 11 से 12 बजे के बीच में कमरे में पहुंचा और महिला को नशे का इंजेक्शन देकर बेहोश कर दिया। आरोप है कि इसके बाद कर्मचारी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया।

रिपोर्ट में स्पष्ट होगा आरोप

महिला का मेडिकल कराया गया तो उसमें दुष्कर्म की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी। जिसपर एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि डॉक्टरों ने महिला की स्लाइड बनाकर गाजियाबाद लैब में जांच के लिए भेजी है। रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट को आने में तीन से चार दिन का समय और लगेगा।

महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा गया है। स्लाइड रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला के 164 के बयान बुधवार को कराए जाएंगे।

अखिलेश कुमार, एसएसपी, मेरठ

Posted By: Inextlive