- रविवार सुबह से जाम से जूझने लगा बेगमपुल से दिल्ली रोड

- कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन का दावा फिसड्डी

Meerut: शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले दिल्ली रोड पर रविवार को यातायात व्यवस्था चरमरा गई। खास तौर से रेलवे रोड से मोहकमपुर तक घंटों जाम रहा। यातायात महकमा हाथ पर हाथ धरे बैठा रहा। लोग जाम में फंसे परेशान हाल रहे।

लोगों को परेशानी

कांवड़ यात्रा के चलते दिल्ली रोड पर जगह-जगह बैरियर लगा एक लेन को सामान्य यात्रियों के लिए बंद कर दिया गया है। डिवाइडर के एक तरफ कांवडि़ये चल रहे हैं। दूसरी तरफ आम लोग आ-जा रहे हैं। रविवार से इस रूट पर बड़े वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया। रविवार सुबह से ही मोहकमपुर से रेलवे रोड जाम के गिरफ्त में आ गया। वाहन सवार घंटों जाम में जूझते रहे। एक ही लेन से आने-जाने वाले दोनों वाहन चल रहे थे। पूरे रूट पर यातायात पुलिस गायब रही। वाहन बेतरतीब तरीके से आपस में उलझे नजर आए। यातायात सुचारू करने ट्रैफिक पुलिस मौके पर नहीं थी, इस कारण एक बार जाम लगने पर लंबे समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। इस रूट के विभिन्न कालोनियों के लोगों को घर से निकलना दुश्वार हो गया। वाहन चालकों का तो बुरा हाल रहा ही, पैदल यात्रियों को भी भारी परेशानी हुई। लोगों ने पुलिस व प्रशासन के लचर प्रबंधन पर खीज उतारी।

दावे को आईना

प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन को लेकर लंबे-चौड़े दावे किए थे। फूलप्रूफ ट्रैफिक इंतजाम का खाका खींचा गया था। मौजूदा हालात दावे को आईना दिखा रहे हैं। व्यस्ततम दिल्ली रोड के हालात सबसे अधिक खराब है। ट्रैफिक पुलिस नजर नहीं आ रही है। प्रशानिक अधिकारी मॉनिटरिंग नहीं कर रहे हैं। यही करण है कि रविवार को मोहमकमपुर से रेलवे रोड पर जाम के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा गई। यातायात प्रबंधन का यही आलम रहा तो आगामी दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाएगी।

Posted By: Inextlive