JAMSHEDPUR: स्टील सिटी में रविवार को अचानक मौसम बदलने से छुट्टी पर भी लोग घरों में दुबके रहे। जुबिली पार्क में भी धूप न निकलने से कम भीड़ रही। बंगाल की खाड़ी में गहरे दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान में परिवर्तित होने के कारण शहर में दिन भर बादल छाए रहे। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार और मंगलवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। सोमवार को कहीं-कहीं तेज बारिश होने की भी संभावना है। वहीं बुधवार को भी एक-दो स्थानों में बारिश होगी। आसमान में बादल रहने के कारण तापमान नहीं गिरेगा, लेकिन लोगों को ठंड का अहसास होता रहेगा। मौसम विभाग ने सोमवार को पूर्वी सिंहभूम के अलावा पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसवां, सिमडेगा, रांची, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, खुंटी, गुमला आदि जिलों में बारिश होने का अनुमान है। जबकि मंगलवार को झारखंड के दक्षिणी जिले पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। चक्रवात के आंध्र प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु की दिशा में पश्चिम की ओर बढ़ने की आशंका है। मौसम वैज्ञानिक एससी मंडल ने बताया कि बुधवार को बादल छंटने के बाद शहर का पारा गिरेगा। इस दौरान धूप तो निकलेगी, लेकिन सुबह शाम कनकनी रहेगा। सुबह शाम कुहासा छा सकता है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 24.4 और न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान शहर का आ‌र्द्रता अधिकतम 83 और न्यूनतम 34 प्रतिशत रहा। रविवार को शहर में दिनभर रुक-रुककर हल्की बूंदाबांदी होती रही।

Posted By: Inextlive