RANCHI: झारखंड ओलम्पिक संघ की ओर से 10 से 12 फरवरी तक आयोजित होनेवाली झारखंड स्टेट गेम्स को लेकर शुक्रवार को होटवार स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम में लोगो और मस्कट बुच्चू का लॉन्चिंग की राज्य के खेल निदेशक अनिल कुमार सिंह, झारखंड ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष आरके आनंद, महासचिव मधुकांत पाठक, कोषाध्यक्ष शिवेंद्र दुबे ने की। छोटे हाथी पर यह मस्कट शहर के विभिन्न भागों में तथा मशाल को तिथिवार अलग जिलों में घुमाया जाएगा।

रंगारंग कार्यक्रम

समारोह के दौरान झारखंड स्टेट के लिए पांच मशाल प्रज्ज्वलित कर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी फरजाना खान एवं कृष्णा खलखो(लॉन बाउल्स), गीता मुंडा एवम फूल कुमारी बेदिया(वुशु) व स्मिता जोजो(कराटे) एवम अन्य खिलाडि़यों द्वारा इंडोर स्टेडियम से बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम तक ले जाया गया। लांचिंग के दौरान जेएसएसपीएस के कैडेट द्वारा योगा का प्रदर्शन किया गया। उदय साहू की देखरेख में रंगारंग कार्यक्रम पेश किए गए। झारखंड स्टेट गेम्स में इस बार कुल तीस खेलों को शामिल किया गया है। इस गेम्स के अधिकतर खेल होटवार स्थित विभिन्न स्टेडियम में होंगे, जबकि कुछ खेल रांची शहर के विभिन्न स्टेडियम में होंगे।

सोशल मीडिया पर प्रसारण

गेस्ट्स का वेलकम मधुकांत पाठक व कार्यक्रम का संचालन राजश्री प्रसाद ने किया। मौके पर झारखंड ओलम्पिक संघ के पूर्व महासचिव एसएम हाशमी, जेएसएसपीएस के विक्रांत मल्हान, ओलम्पियन हरभजन सिंह, ओलम्पियन रीना कुमारी, अनिल जायसवाल, सुरेश कुमार, एसके पांडेय, शैलेन्द्र पाठक, रणवीर सिंह, केके सिंह, एसके तिवारी सहित खेल संघों के राष्ट्रीय खिलाड़ी, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, जेएसएसपीएस के कैडेट व प्रशिक्षक और अधिकारी उपस्थित थे। पूरे कार्यक्रम का ऑनलाइन प्रसारण झारखण्ड ओलंपिक एसोसिएशन के फेसबुक पेज पर किया गया।

Posted By: Inextlive