एसआरएन हॉस्पिटल में सुबह भर्ती कराई गई आग से झुलसी महिला ने दोपहर में तोड़ा दम

पोस्टमार्टम हाउस में ससुराल व मायके पक्ष के लोगों में हुई तीखी झड़प

ALLAHABAD: एसआरएन हॉस्पिटल में भर्ती आग से झुलसी महिला की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस में रविवार को मायके और ससुराल पक्ष के बीच तगड़ी झड़प हुई। हंगामा होते देख लोगों की भीड़ लग गई। लोगों के समझाने पर किसी तरह दोनों पक्ष के लोग शांत हो गए। मृतका के भाई शिवाकांत ने बहन के ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।

भाई ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

मध्य प्रदेश के ककरहा निवासी गुलाबधर मिश्र ने बेटी मंशा देवी (25) की शादी करीब तीन साल पहले खीरी लेडि़यारी निवासी अशोक तिवारी से की थी। बताते हैं कि शादी के कुछ माह बाद दोनों में विवाद होने लगा। रविवार सुबह विवाद के बाद गुस्से में मंशा देवी ने खुद को आग लगा ली। आग की लपटों से घिरी मंशा देवी को देख पति व जेठ सुशील पर बचाने के लिए दौड़ पड़े। उसे बचाने में इन दोनों के हाथ झुलस गए। आननफानन में महिला को एसआरएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां दोपहर के वक्त उसकी मौत हो गई। मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के ससुराल व मायके पक्ष के बीच तीखी नोक झोक शुरू हो गई। हंगामा होते देख लोगों की भीड़ लग गई। किसी तरह लोगों ने समझा बुझा कर दोनों पक्ष को शांत कराया। मृतका के भाई शिवाकांत ने पति अशोक व जेठ सुशील सहित ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज प्रताड़ना व हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देने की बात कही है।

Posted By: Inextlive