JAMSHEDPUR: लौहनगरी को और स्मार्ट सिटी बनाने में सहयोग करें। जिससे जमशेदपुर को देश के पटल पर ही नहीं बल्कि व‌र्ल्ड के मैप पर जगह मिल सके। यह विचार टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने बिष्टुपुर पोस्टल पार्क पर जेएन टाटा को श्रद्धाजंलि देने के बाद शहर वासियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कंपनी की स्थापना के साथ ही शहर को स्मार्ट सिटी बनाने की कल्पना का विकास हुआ, उन्होंने कहा कि सौ वर्ष पूर्व जब किसी ने स्मार्ट सिटी के बारे में सोचा तक नहीं था। तब हमारे संस्थापक ने स्मार्ट सिटी की परिकल्पना की थी जो सपना आज पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि कंपनी और स्थानीय लोगों के बीच सामंजस्य स्थापित करके शहर को विकसित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले दो दशकों में शहर स्मार्ट से मार्डन सिटी की ओर काम करेगा। इस मौके पर उन्होंने पर्वतारोही बछेंद्री पाल को महिलाओं व युवाओं का रोल मॉडल बताते हुए कहा कि संकल्प करने से दुनियां का बड़े से बड़ा लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है जिसका जीता जागता उदाहरण बछेंद्री पाल हैं। इससे पहले पोस्टल पार्क पर कंपनी के चीफ फायनांस ऑफिसर कौशिक चटर्जी, कंपनी के सीइओ टीवी नरेंद्रन, पूर्व एमडी डॉ। जेजे ईरानी, टीक्यूएम प्रेसिडेंट आनंद सेन, जुस्को एमडी तरूण डागा, जुस्को श्रमिक यूनियन अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय, वाइस प्रेसिडेंट चाणक्य चौधरी, टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन चीफ सह पद्म विभूषण विजेता बछेंद्री पाल, पर्वतारोही प्रेमलता अग्रवाल, रूचि नरेंद्रन, डेजी ईरानी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने संस्थापक की प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर उन्हें नमन किया। चेयरमैन ने अपने संबोधन में एक बार फिर पूरे शहरवासियों को जमशेदपुर के सौ वर्ष पूरे करने पर अपनी शुभकामनाएं दी। साथ ही दोहराया कि हमें भविष्य के लिए अपना पूर्व की तरह सहयोग चाहिए। तभी कंपनी के साथ-साथ शहर का भी विकास होगा।

लेंगे उचित निर्णय

टाटा स्टील में कर्मचारी पुत्रों की बहाली और जमशेदपुर में नया मेडिकल कॉलेज मेरे संज्ञान में है। उचित समय पर उचित निर्णय लिया जाएगा। टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन पूर्व की परंपरा का निर्वहन करते हुए संस्थापक जेएन टाटा को श्रद्धांजलि देने के बाद सीधे टाटा वर्कर्स यूनियन कार्यालय पहुंचे थे। रविवार सुबह साढ़े दस बजे यूनियन के सभी ऑफिस बियरर को संबोधित करते हुए चेयरमैन ने ये बातें कहीं। इससे पहले यूनियन अध्यक्ष आर रवि प्रसाद सहित सभी पदाधिकारियों ने चेयरमैन का स्वागत किया। इसके बाद चेयरमैन ने यूनियन के सौ वर्षो के इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

कैंसर अस्पताल की सौगात जल्द

झारखंड को पहले आधुनिक कैंसर अस्पताल की सौगात जल्द मिलेगी। टाटा मेहरबाई कैंसर अस्पताल में निर्माणधीन भवन को रविवार को टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने देखा। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही टाटा संस के मार्गदर्शक रतन टाटा इस अस्पताल का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद बिहार-झारखंड के मरीजों को कैंसर के बेहतर इलाज के लिए महानगरों का रुख नहीं करना होगा। अस्पताल में कई ऐसी आधुनिक मशीनें लाई गई हैं जो कैंसर की सटीक जानकारी देगा ही साथ ही मरीजों को इसकी मुक्ति के लिए बेहतर इलाज भी मुहिया कराएगा।

Posted By: Inextlive