इंग्लैंड के बल्लेबाज़ जोनाथन ट्रॉट को आईसीसी क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर का सम्मान मिला है.

लंदन में सोमवार रात को हुए कार्यक्रम में ट्रॉट के अलावा कई खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया.स बार भारतीय खिलाड़ियों को कोई ख़ास पुरस्कार नहीं मिले। भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को खेल भावना पुरस्कार दिया गया।

इंग्लैंड के ख़िलाफ़ ट्रेंट ब्रिज टेस्ट के दौरान विवादास्पद रूप से रन आउट हुए इयन बेल को वापस बुलाने के कारण महेंद्र सिंह धोनी को ये पुरस्कार मिला।

इसके अलावा आईसीसी की वनडे टीम में चार भारतीय खिलाड़ियों को जगह मिली और इस टीम की कप्तानी भी धोनी को मिली। इस वनडे टीम के अन्य भारतीय खिलाड़ी हैं- वीरेंदर सहवाग, युवराज सिंह और ज़हीर ख़ान।

पुरस्कार

 साल का सबसे प्रतिष्ठित सम्मान मिला इंग्लैंड के जोनाथन ट्रॉट को। ट्रॉट ने इस साल बेहरतीन प्रदर्शन किया है और 12 टेस्ट मैचों में 65.12 की औसत से 1042 रन बनाए हैं। उन्होंने टेस्ट मैचों में चार शतक और तीन अर्धशतक भी लगाए। टेस्ट मैचों के अलावा ट्रॉट ने 24 वनडे मैचों में 48.36 की औसत से 1064 रन भी बनाए। जिनमें दो शतक और नौ अर्धशतक शामिल हैं।

इंग्लैंड के ही एलेस्टर कुक को साल का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट खिलाड़ी चुना गया। कुक ने 51.74 की औसत से 1302 रन बनाए, जिनमें छह शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं।

श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा को साल का सर्वश्रेष्ठ वनडे खिलाड़ी चुना गया। साल के सर्वश्रेष्ठ ट्वेन्टी-20 खिलाड़ी बने न्यूज़ीलैंड के टिम साउदी, जबकि पाकिस्तान के अलीम डार सर्वश्रेष्ठ अंपायर चुने गए।

एसोसिएट सदस्य देशों में नीदरलैंड्स के रयान टेन दुश्काटे को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार मिला। वेस्टइंडीज़ की स्टेफ़नी टेलर को सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर का पुरस्कार दिया गया। जबकि वेस्टइंडीज़ के ही देवेंद्र बिशू को सर्वश्रेष्ठ उभरते हुए खिलाड़ी का पुरस्कार मिला।

ग़ैर हाजिर भारतीय टीमइंग्लैंड दौरे पर ख़राब प्रदर्शन के दौर से गुज़र रही भारतीय टीम इस पुरस्कार समारोह में शामिल नहीं हुई। भारत के कई पूर्व क्रिकेटर इसमें शामिल हुए। लेकिन मौजूदा टीम के खिलाड़ियों का कोई अता-पता नहीं था।

पत्रकारों के साथ बातचीत में आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारून लॉरगेट ने पुरस्कार समारोह में भारतीय खिलाड़ियों के शामिल न होने पर निराशा जताई। उन्होंने इससे इनकार किया कि खिलाड़ियों को समय पर निमंत्रण नहीं मिला था। लॉरगेट ने इस मामले में आईसीसी के अध्यक्ष शरद पवार से भी बात की है।

प्रमुख पुरस्कारों पर नज़रसर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी- जोनाथन ट्रॉट (इंग्लैंड)

सर्वश्रेष्ठ टेस्ट खिलाड़ी- एलेस्टर कुक (इंग्लैंड)

सर्वश्रेष्ठ वनडे खिलाड़ी- कुमार संगकारा (श्रीलंका)

सर्वश्रेष्ठ ट्वेन्टी-20 खिलाड़ी- टिम साउदी (न्यूज़ीलैंड)

खेल भावना पुरस्कार- महेंद्र सिंह धोनी (भारत)

सर्वश्रेष्ठ अंपायर- अलीम डार (पाकिस्तान)

एसोसिएट सदस्य देश के खिलाड़ी- रयान टेन दुश्काटे (नीदरलैंड्स)

सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी- स्टेफ़नी टेलर (वेस्टइंडीज़)

सर्वश्रेष्ठ उभरते हुए खिलाड़ी- देवेंद्र बिशू (वेस्टइंडीज़)

Posted By: Inextlive