10 जुलाई 2018 यानी आज मंगलवार से बृहस्पति मार्गी हो रहे हैं। जिससे कई राशियों में बेहद खास परिवर्तन होने वाला है। बृहस्पति को संतान और ज्ञान का कारक भी माना गया है।

10 जुलाई 2018 यानी आज (मंगलवार) से बृहस्पति मार्गी हो रहे हैं। जिससे कई राशियों में बेहद खास परिवर्तन होने वाला है। बृहस्पति को संतान और ज्ञान का कारक भी माना गया है। स्त्रियों के लिए इसे पति का कारक माना गया है। बलवान बृहस्पति की दशा में भाग्य चमक जाता है। जानिए ज्योतिषाचार्य पंडित श्रीपति त्रिपाठी से इसका विभिन्न राशियों पर क्या असर होने वाला है।

मेष

आपकी राशि में बृहस्पति भाग्यस्थान का स्वामी है इसलिए इसका मार्गी होना आपके लिए अत्यंत भाग्यशाली रहेगा। मेष राशि के जातकों का भाग्योदय होगा? गुरु की सीधी चाल आपके कई बिगड़े काम बना सकती है। कई जगहों से धन प्राप्ति हो सकती है। कुल मिलाकर आपके लिए ये समय अच्छा रहेगा। शादी के लिए ये अच्छा समय है।

वृष

आपकी राशि में बृहस्पति आयु स्थान का स्वामी है। अभी तक ये आपके लिए बहुत तकलीफ वाला रहा होगा लेकिन अब ये मार्गी होने के कारण सकारात्मक फल देगा। बृहस्पति 10 जुलाई के बाद एक अच्छा योग बनाना शुरु करेगा। आपकी सारी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां खत्म हो जाएंगी। 11 अक्टूबर को बृहस्पति राशि परिवर्तन कर मृत्यु स्थान पर जा बैठेंगे इसलिए जो भी अच्छे काम आप करना चाहते हैं वो 11 अक्टूबर तक कर लें।

मिथुन

मिथुन राशि वालों के लिए बृहस्पति धन, व्यापार, लव मैरिज, पढ़ाई सभी चीजों के लिए बहुत लाभदायी है। इस बड़े बदलाव के बाद मिथुन राशि वालों को अचानक धन लाभ होगा। इस राशि के कई जातक अमीर बन सकते हैं। यदि आप विदेश में शिक्षा लेने की सोच रहे हैं तो उसके लिए भी अच्छे योग बन रहे हैं लेकिन मिथुन राशि वालों के लिए 11 अक्टूबर तक ही ये योग अच्छा है। इसके बाद सावधान रहें। तकलीफ का वक्त शुरु हो जाएगा।

कर्क


कर्क राशि वालों के लिए ये बदलाव सुख साधनों को बढ़ाएगा। जो भी अटके हुए काम हैं इस दौरान बन जाएंगे। यदि आपको मकान या कार का पजेशन नहीं मिल पा रहा है तो इस दौरान वो भी मिल जाएगा। कर्क राशि वालों की माता के स्वास्थ में भी सुधार आएगा। 11 अक्टूबर के बाद कर्क राशि वालों के लिए और अच्छे योग बन रहे हैं। बृहस्पति मित्र राशि में जाएंगे जिससे आपका भाग्योदय हो सकता है।

सिंह

सिंह राशि से बृहस्पति विद्या और आयु का स्वामी है। यदि आप विदेश में शादी या पढ़ाई करना चाहते हैं तो उसके लिए ये समय अनुकूल रहेगा लेकिन शनि के वक्री होने की वजह से थोड़ी दिक्कत आ सकती है इसलिए कोशिश करें कि शनि का उपाय जरूर करवा लें हालांकि बृहस्पति की सीधी चाल आपको धन, वैभव और पढ़ाई के क्षेत्र में लाभ देगी। हो सकता है कि रुका हुआ धन भी आपको वापस मिल जाए।

कन्या

कन्या राशि के जातकों को धन की चिंता की जरूरत नहीं है। बृहस्पति की सीधी चाल उनके घर पैसों की कमी नहीं होने देगी। इस राशि के धनभाव पर बृहस्पति वक्री से मार्गी हो रहा है जिस वजह से इस राशि के लोगों को बड़ा फायदा हो सकता है। आपका रुका हुआ पैसा भी वापस मिल सकता है। 11 अक्टूबर को जब ये राशि परिवर्तन करेगा तो कन्या राशि के लिए और अच्छे योग बनाएगा।

तुला

तुला राशि में बृहस्पति मार्गी हो रहे हैं लेकिन तुला राशि में ये अच्छे स्थानों के स्वामी नहीं होते। यदि आपका स्वास्थ्य खराब चल रहा है तो इस वक्त में आपके स्वास्थ में सुधार आएगा। धन देने की तरफ बृहस्पति जा रहे हैं अत: पैसा भी आएगा लेकिन ध्यान रखिएगा कि आपको किसी भी हाल में कर्जा नहीं लेना है। बृहस्पति मेहनत का स्वामी है अत: मेहनत का फल मिलेगा।

वृश्चिक

वृश्चिक राशि के जातकों के लिए ये बदलाव धनवान बनाने वाला होगा। बहुत पैसा आने के योग बन रहे हैं। ऐसे लोगों को कोर्ट आदि के मामलों में लाभ मिलेगा। 11 अक्टूबर के बाद बृहस्पति वृश्चिक राशि में आ रहे हैं जिसका शुभ फल इस राशि वालों को मिलेगा।

धनु

धनु राशि पर शनि की साढ़ेसाती चल रही है लेकिन आपकी राशि का स्वामी लाभ स्थान पर, विदेश स्थान पर मार्गी हो गया है। इस बदलाव के बाद मकान, भूमि या जायदाद से आपको लाभ मिलेगा। व्यापारियों के लिए अपार धन का योग बन रहा है।

मकर

मकर राशि के लिए बृहस्पति का मार्गी होना अत्यंत लाभदायक रहेगा। थोड़ी सी मेहनत में ही प्रमोशन के योग बन रहे हैं यानि किसी भी क्षेत्र में कम मेहनत में ही बड़ा रिजल्ट देखने को मिल सकता है।

कुम्भ

कुम्भ राशि वालों के लिए बहुत पैसा आने का योग बन रहा है. बृहस्पति की सीधी चाल आपको पैसों की कमी नहीं होने देगी। आपकी तिजोरी पैसों से भर सकती है कुछ ऐसे योग बन रहे हैं। शेयर बाजार से खासकर कि धन लाभ के प्रबल योग हैं। धन और लाभ का स्वामी आपके भाग्य स्थान पर है। इस राशि के लिए लगातार 2 साल तक ये योग अत्यंत लाभदायी रहेगा।

मीन

मीन राशि वालों के लिए अभी तक तनाव का समय था। मान-सम्मान में कमी थी लेकिन अब बृहस्पति के मार्गी होने पर समय बदलेगा। मान-सम्मान में वृद्धि होगी। भाग्योदय होने के प्रबल योग हैं। पैसे का लाभ भी हो सकता है।

ये 5 आसान उपाय करने से बदल जाएगी रूठी किस्मत, होगा धन लाभ

शुक्र का सिंह राशि में प्रवेश: कर्क राशिवालों को होगा धन लाभ, जानें अपनी किस्मत का हाल?

 

 

Posted By: Kartikeya Tiwari