स्वर्ग रंगमंडल की ओर से एनसीजेडसीसी में किया गया नाटक का मंचन

ALLAHABAD: उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के सभागार में रविवार को प्रख्यात कथाकार मुंशी प्रेमचंद्र की कहानी 'बूढ़ी काकी' का मंचन हुआ। स्वर्ग रंगमंडल की ओर से कहानी का नाट्य मंचन संस्था के कलाकारों ने किया। प्रस्तुति के जरिए एक बेबस मां की व्यथा को दर्शाया गया, जिसमें बूढ़ी काकी के पास सिवाय रोने के कुछ नहीं रहता।

भतीजे ने लिखवाई संपत्ति

काकी ने भतीजे के नाम सारी सम्पत्ति कर दी। सम्पत्ति लिखवाते समय भतीजे ने भी खूब लम्बा चौड़ा वायदा काकी से किया, लेकिन काकी को पेट भर भोजन भी नहीं नसीब हो सका। एक दिन भतीजे बुद्धिराम के बड़े लड़के का तिलक आया। घर में पकवान बनाए जाने लगे। पकवान की खूशबू से काकी का मन मचल गया और वे मेहमानों के बीच पहुंच गई। यह देखकर बुद्धिराम नाराज हो गया और उसने क्रोध में आकर काकी को कोठरी में बंद कर दिया।

जूठन खाने लगीं काकी

आखिर में मेहमानों के जाने के बाद काकी को भूख लगी तो वे जूठे पत्तलों का जूठन खाने लगीं। काकी की भूमिका में सोनम सेठ व धीरज अग्रवाल के अभिनय को दर्शकों की सराहना मिली। इसके पहले मुख्य अतिथि जस्टिस राजवीर भार्गव ने दीप प्रज्जवलित कर समारोह का शुभारंभ किया। नाट्य रुपातंरण वरिष्ठ रंगकर्मी अतुल यदुवंशी का रहा।

Posted By: Inextlive