Meerut : केन्द्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री कलराज मिश्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून- व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। ताबड़तोड़ हत्या व दुष्कर्म की वारदातों से जनता में असुरक्षा की भावना है। इन हालात में यूपी में राष्ट्रपति शासन लगना चाहिए। केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र रविवार को भाजपा झुग्गी झोपड़ पट्टी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सहसंयोजक सुनील भराला के निमंत्रण पर उनके आवास पर पहुंचे। गृह प्रवेश कार्यक्रम में उद्घाटन के अलावा उन्होंने महामंडेलश्वर यतेंद्र गिरी के साथ यज्ञ में भी भाग लिया। इस दौरान प्रेसवार्ता में केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि यूपी की बिगड़ी कानून व्यवस्था को देखते हुए अब राज्यपाल को हस्तक्षेप कर राष्ट्रपति शासन की सिफारिश करनी चाहिए। महामंडलेश्वर यतेंद्र गिरी ने कहा कि गंगा की सफाई योजना बड़ा अभियान है, इस दौरान सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक रविंद्र भड़ाना, पूर्व विधायक विजयपाल तोमर, पूर्व जिलाध्यक्ष विमल शर्मा अजय भराला समेत कई अन्य मौजूद रहे। इससे पहले सुबह करीब दस बजे परतापुर बाईपास पर महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन ऋतुराज ने कलराज मिश्र का स्वागत किया, जिसमें नरेन्द्र उपाध्याय, जगदीश चौधरी, विवेक बाजपेयी, वीनस शर्मा, वेद पांडे, संजय शर्मा, ज्ञानेन्द्र त्यागी आदि शामिल रहे।

Posted By: Inextlive