ALLAHABAD: शुक्रवार रात कल्याणी देवी उपकेंद्र का 400 केवीए ट्रांसफारमर फुंक जाने से नाराज पब्लिक ने शाम को दरियाबाद जोगीघाट मार्ग पर चक्काजाम कर जोरदार हंगामा किया। पब्लिक का आक्रोश देखते हुए मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को जल्द बिजली आपूर्ति चालू किए जाने का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद माहौल को काबू में किया जा सका। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात 11 बजे कल्याणी देवी उपकेंद्र का चार सौ केवीए का ट्रांसफारमर जल गया था। जिसके चलते कई इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। दिनभर बिजली नहीं आई तो नाराज पब्लिक ने रात साढ़े आठ बजे दरियाबाद जोगीघाट पर चक्काजाम कर दिया। इससे यातायात ठप हो गया। तकरीबन आधे घंटे तक पब्लिक ने जमकर हंगामा काटा। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने रविवार को सुबह 11 बजे तक बिजली आपूर्ति शुरू किए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए। हालांकि, इस घटना की जानकारी होने से कल्याणी देवी उपकेंद्र के अधिकारियों ने इंकार कर दिया।

Posted By: Inextlive