RANCHI:मोरहाबादी ग्राउंड में 20 दिसंबर से चल रहे राष्ट्रीय सरस सह खादी मेला में शनिवार को एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुटी। लोगों ने जमकर खरीदारी की और छूट का लाभ भी उठाया। खादी, पीएमइजीपी, सरस, डेकोरेशन, सरकारी स्टाल, बिक्री, फूड स्टाल पर महिला-पुरुष के अलावा बच्चों की भीड़ रहीं। मेले में शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने गायकी पेश की। नीति आयोग की कशिश मित्तल, डीआइजी असीम विक्रांत मिंज, एसपी आपरेशन मो आरसी, अपर समाहर्ता पूनम कुमार झा ने जमकर झुमाया। कश्मीर से आए लोक कलाकारों ने भी मनोरंजन किया। पूजा खंडेलवाल ने भी गीत पेश किए।

समापन आज, स्टॉल धारक होंगे सम्मानित

खादी मेले का समापन रविवार को होगा। शाम पांच बजे समापन समारोह में मुख्य अतिथि राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू होंगी। विशिष्ट अतिथि एजी झारखंड चंद्रमौली होंगे। मौके पर खादी, पीएमइजीपी, सरस, डेकोरेशन, सरकारी स्टाल, बिक्री, फूड स्टाल के साथ बैंड प्रतियोगिता के विजेता दल को सम्मानित भी किया जाएगा। मेला रविवार को सुबह दस से रात नौ बजे तक रहेगा। खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ ने कहा कि रविवार को खरीदारी का अंतिम मौका होगा। भीड़ भी रहेगी। आज बंपर ड्रा भी होगा।

युवाओं को लुभा रही बंडी

मेले में सबसे ज्यादा युवा बंडी पसंद कर रहे हैं। स्टाइलिश बंडी भा रही है। राज्य खादी बोर्ड, झारक्राफ्ट के साथ-साथ, खादी इंडिया, उत्तराखंड के स्टाल पर भी तरह-तरह की रंगीन बंडी मिल रही है। पांच सौ से लेकर तीन हजार तक। खादी की बंडी से लेकर सिल्क की बंडी तक। खादी बोर्ड के स्टाल पर आशीष द्वारा डिजाइन बंडी, कोरा खादी के कुर्ते भी मिल रहे हैं।

कॉस्मेटिक आइटम की बढ़ी बिक्री

यहां महिलाओं के लिए बहुत कुछ है। सौंदर्य प्रसाधन का सामान बहुत है। चूड़ी से लेकर कंगन तक। बाली से लेकर हार तक। कई डिजाइनों में। इसके लिए टाप, कुरती, साड़ी से लेकर पर्स तक मिल रहा है। चंदन का फेस पाउडर भी है। चंदन का पाउडर, अगरबत्ती, चंदन की लकड़ी भी मिल रही है।

Posted By: Inextlive