छोटा बघाड़ा में लाश मिलने के बाद सनसनी, नहीं हो सकी शिनाख्त

ALLAHA BAD: कर्नलगंज थाना क्षेत्र के छोटा बघाड़ा इलाके में रविवार रात एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह लाश देख आसपास के लोगों में खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस के काफी प्रयास के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।

आर्मी जवान की नजर पड़ी

छोटा बघाड़ा मोहल्ले में स्थित बांध के निकट खाली प्लाट है। सुबह करीब सात बजे उधर से गुजर रहे आर्मी जवान की नजर खून से लथपथ पड़ी लाश पर पड़ी। उसने पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी। इस बीच लाश की सूचना पर वहां सैकड़ो लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की जीभ बाहर निकली थी, इसलिए पुलिस ने अंदाजा लगाया कि उसका गला दबाया गया होगा। मृतक के शरीर पर नीली जींस, नीली शर्ट व जूते थे। उसकी अनुमानित उम्र 24 वर्ष बताई गई।

पुलिस के अनुसार घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक लाज है। लॉज में केवल एक लड़का रहता है। उसके बगल वाले मकान में भी कोई नहीं रहता। सोशल मीडिया के जरिए युवक की पहचान के साथ गुमशुदा लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी मान रही है कि युवक को कहीं से अगवा कर यहां हत्या की जा सकती है, ताकि उसकी पहचान न हो सके।

युवक की शिनाख्त के बाद उसके मोबाइल की कॉल डिटेल से जानकारी मिल सकती है। अभी कई एंगिल पर जांच की जा रही है।

अवधेश प्रताप, इंस्पेक्टर, कर्नलगंज

Posted By: Inextlive